विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुस्तफाबाद में अवैध निर्माण ने ली 11 लोगों की जान, दिल्ली में बीते 15 सालों में दूसरा सबसे बड़ा हादसा

Published: Sat, 19 Apr 2025 09:10 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद दयालपुर में एक अवैध निर्माण के गिरने से 11 लोगों की जान चली गई। तीन मंजिला ...और पढ़ें

मुस्तफाबाद में अवैध निर्माण ने ली 11 जानें
मुस्तफाबाद में अवैध निर्माण ने ली 11 जानें

HighLights

  1. भूतल पर दीवार और पिलर को हटाकर दो दुकानों किया जा रहा था एक, आधी रात को भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान
  2. देर रात तक जारी रहा बचाव कार्य, 22 लोग रहते थे मकान में, 11 घायलों में छह हुए अस्पताल से डिस्चार्ज
  3. राजधानी में 15 साल में दूसरा सबसे बड़ा हादसा, साल 2010 में लक्ष्मीनगर में पांच मंजिला इमारत ढहने से हुई थी 70 की मौत

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद के दयालपुर में अवैध निर्माण ने शुक्रवार आधी रात को 11 लोगों की जानें ले ली। यह पिछले 15 सालों में दूसरा सबसे बड़ा हादसा है। इससे पहले लक्ष्मीनगर के ललिता पार्क में पांच मंजिला मकान गिरने से करीब 70 लोगों की मौत हो गई थी।

दयालपुर में ताजा हादसे में तीन मंजिला 65 गज में अवैध तरीके से बना मकान जमींदोज हो गया। कमजोर नींव पर खड़े मकान में भूतल पर दो दुकानें थीं। इन्हें एक करने के लिए शुक्रवार को दिन में बीच की दीवार और एक पिलर को तोड़ दिया गया था। बचे हुए पिलर मकान का भार सह नहीं पाए और शुक्रवार रात 2:50 बजे यह मकान भरभराकर गिर गया। न पिलर बचे और न ही दीवार।

हादसे के वक्त मकान में सो रहे थे 22 लोग

हादसे के वक्त मकान में रहने वाले 22 लोग सो रहे थे। ये सभी मलबे में दब गए। हादसा होते ही गली में हड़कंप मच गया, चीख पुकार होने लगी। लोग घरों से बाहर निकले तो धूल का गुबार था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।

मलबे से 15 लोगों को बाहर निकाला गया

हादसे की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दमकल, पुलिस, निगम व आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं। शनिवार सुबह सात बजे तक मलबे से 15 लोगों को बाहर निकाला गया। इन्हें जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

इसके बाद थोड़ी-थोड़ी देर में मलबे से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया जाता रहा। शाम तक कुल 22 घायलों को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 11 की मौत हो गई। पांच लोग अस्पताल में भर्ती हैं और छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

12 साल पुराना था मकान

12 साल पहले बना था मकान पेशे से प्रापर्टी डीलर 60 वर्षीय मोहम्मद तहसीन अपने परिवार के साथ डी-26, गली नंबर-एक, शक्ति विहार, दयालपुर में एल टाइप के 65 गज में बने तीन मंजिला मकान में रहते थे। मकान के भू-तल पर दो दुकानें बनी हुई थीं। दुकानों के पीछे बने एक कमरे में खुद रहते थे। उनकी पत्नी व दो शादीशुदा बेटे पहली मंजिल पर रहते थे। दूसरी और तीसरी मंजिल पर दो परिवार किराये पर रहते थे। मोहम्मद तहसीन ने यह मकान करीब 12 साल पहले बनवाया था।

मृतकों में तीन किराएदार शामिल

मकान मालिक के परिवार के आठ सदस्यों की मौत हादसे में मकान मालिक तहसीन सहित उनके परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई। इसमें ससुर, एक बेटा, दो बहुएं, दो पोते, एक पोती शामिल हैं। वहीं मरने वालों में तीन किरायेदार भी शामिल हैं।

लापरवाही से मौत का मामला दर्ज दयालपुर थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत की धारा में प्राथमिकी की है। जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मलबा हटाने का काम रविवार सुबह तक चल सकता है।

मुस्तफाबाद में इमारत गिरने की दर्दनाक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। राहत कार्य में टीमें जुटी हुई हैं। -रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली

मृतकों की सूची

  1. तहसीन
  2. इशहाक
  3. नाजिम
  4. शाहिना
  5. अफ्फान
  6. आफरीन
  7. अनस
  8. चांदनी
  9. रेशमा
  10. नावेद
  11. दानिश

यह भी पढ़ें- दिल्ली में मानसून में जहां हर साल भरता है पानी, वहां क्यों पहुंची CM रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा