नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में लाल बत्ती पर चोरी और लूटपाट करने वाली महिलाओं का गिरोह सक्रिय है। एक घटना में महिला ने साथ चलने से मना करने पर एक युवक को इधर-उधर की बातों में उलझाया और फिर उनकी अंगूठी चुराकर फरार हो गई।
पुलिस में की शिकायत
चोरी होने का पता चलने पर युवक ने पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पीड़ित द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर आरोपित की पहचान के प्रयास में जुटी है।
जानें पूरा मामला
शिकायतकर्ता प्रिंस लैपटाप मरम्मत का काम करते हैं। इनकी अंबराही गांव में दुकान है। सोमवार की रात वह दुकान बंद करने के बाद अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। सेक्टर एक द्वारका लालबत्ती पर उन्होंने मोटरसाइकिल रोकी। इसी दौरान वहां मौजूद दो महिलाएं इनके पास आ गई और किनारे चलने के लिए कहने लगी। प्रिंस ने जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिलाएं उनके साथ अश्लील हरकत करने लगी। जब प्रिंस इनसे पीछा छुड़ाते हुए आगे बढ़े तो पीछे से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने कहा कि अपना सामान की जांच कर लो। महिलाएं बातों में लगाकर सामान चोरी करती हैं।
प्रिंस ने यह सुनकर मोटरसाइकिल रोकी और देखा तो पता लगा कि अंगुली में कुछ चिपचिपा पदार्थ लगा हुआ है और उनकी सोने की अंगूठी गायब है। प्रिंस दोबारा द्वारका सेक्टर एक के लालबत्ती पर आए लेकिन तब तक दोनों महिलाएं वहां से गायब हो गई थी। पीड़ित ने तुरंत फोन कर घटना की जानकारी पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन करने के बाद पीड़ित की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया।