नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। इस वजह से पारा 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इस वजह से पिछले नौ वर्षों में सोमवार का दिन फरवरी के पहले पखवाड़े में तीसरा सबसे गर्म दिन रहा। वहीं पिछले 11 वर्षों में फरवरी के पहले सप्ताह में सोमवार का दिन सबसे अधिक गर्म रहा। पीतमपुरा में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

मंगलवार को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को आकाश साफ रहेगा। दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दो दिन आकाश में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद फिर मौसम साफ हो जाएगा।

कितना रहा तापमान?

सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य है। दिल्ली में 13 मौसम निगरानी केंद्रों में सात जगहों पर अधिकतम तापमान 28 सेल्सियस से अधिक रहा। पीतमपुरा में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहां न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

ये भी पढ़ें- Delhi: उपराष्ट्रपति का नकली वॉट्सऐप अकाउंट बनाकर मदद मांगने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, इटली से भारत पहुंचते ही धरा

फरवरी के आंकड़े

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले नौ वर्षों में फरवरी के पहले पखवाड़े में वर्ष 2021 में 11 फरवरी का दिन सबसे अधिक गर्म रहा था। तब अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले वर्ष 2015 में 15 फरवरी को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था।

स्काइमेट वेदर के विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि सामान्य तौर पर फरवरी के पहले पखवाड़े में अधिकतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है। हवा कमजोर होने और धूप तेज निकलने से तापमान बढ़ रहा है। इस माह के दूसरे पखवाड़े के अंत तक तापमान 30 के पार पहुंच की संभावना है।

Edited By: Geetarjun