नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। मुंगेशपुर, रिज एरिया व लोधी रोड में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। इस वजह से सुबह के वक्त ठंड ज्यादा रही लेकिन दोपहर में अच्छी धूप खिलने के कारण ठंड से राहत रही।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण रविवार को आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है या गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट होगी लेकिन न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
रविवार को कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार को भी आकाश में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद आकाश साफ हो जाएगा और ठंड से राहत रहने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।
शनिवार को कितना रहा तापमान
न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान सबसे कम मुंगेशपुर में 4.1 डिग्री सेल्सियस, रिज एरिया में 4.6 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वजह से इन जगहों पर ठंड अधिक रही। इन जगहों पर अधिकतम तापमान क्रमश: 20.3 डिग्री सेल्सियस, 24.5 डिग्री सेल्सियस और 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में खराब श्रेणी में रही हवा की गुणवत्ता
दिल्ली में शनिवार को एयर इंडेक्स 200 से अधिक रहा। इस वजह से लगातार तीसरे दिन हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। इसके अलावा फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। इसके अलावा एनसीआर के प्रमुख अन्य शहरों में हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। सफर इंडिया के अनुसार हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण के स्तर में थोड़ी बढ़ोतरी होगी।
ये भी पढ़ें- Delhi Metro: संडे को कनॉट प्लेस जा रहे हैं तो ध्यान दें, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन का गेट-4 रहेगा बंद
इस वजह से हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में उच्च स्तर पर रह सकती है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 236, फरीदाबाद का 232, गाजियाबाद का 174, ग्रेटर नोएडा का 168, गुरुग्राम का 192 व नोएडा का एयर इंडेक्स 169 रहा।