यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
9 दिनों तक दिल्ली के इन रास्तों पर जाने से बचें, होगी बड़ी परेशानी; विश्व पुस्तक मेले पर आई ट्रैफिक एडवाइजरी
Book Fair Traffic Advisory दिल्ली में 10 फरवरी से विश्व पुस्तक मेला शुरू हो रहा है यह 18 फरवरी तक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रगति मैदान में शनिवार से शुरू हो रहे विश्व पुस्तक मेला 2024 को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 10 फरवरी से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस मेले में आने वाली भीड को देखते हुए इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कई मार्गों का प्रयोग करने से बचने की सलाह दी है।
इन रास्तों पर जाम रहने की आशंका
यातायात पुलिस के अनुसार, विश्व पुस्तक मेले में प्रति दिन अनुमानित 25000-30,000 आगंतुकों के आने की संभावना है। यह आंकडा सप्ताहांत और छुट्टियों के दिन लगभग 40,000 रह सकता है। मेले के दिनों में भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड और पुराना किला रोड और मथुरा रोड डब्ल्यू प्लवाइंट से मथुरा रोड - सुब्रमण्यम भारती मार्ग क्रॉसिंग तक जाम की आशंका है।
इन सड़कों पर वाहन पार्किंग पर रोक
मथुरा रोड और भैरों रोड पर किसी भी वाहन को कहीं भी रुकने या पार्क करने की इजाजत नहीं होगी। आगंतुकों को गेट नबर 5-बी, 6, 7, 8 और 9 से आगंतुकों का प्रवेश नहीं होगा। शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर आगंतुकों के किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन सड़कों पर वाहन खड़ा मिला तो उठा लिया जाएगा और एम.वी एक्ट के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। खींचे गए वाहनों को भैरों मंदिर, भैरों के सामने ट्रैफिक पिट में पार्क किया जाएगा।
इस तरह होगा मेले में प्रवेश
आगंतुकों के लिए प्रवेश गेट नंबर चार और 10 से होगा। प्रदर्शकों के लिए प्रवेश गेट नंबर 1, 5बी और 10 से होगा। आईटीपीओ अधिकारियों के लिए प्रवेश गेट नंबर 9, 10 और 1 से होगा। चालक चालित वाहनों, टैक्सियों और ऑटो के लिए ड्रॉपिंग प्वाइंट गेट नंबर 4 आईटीपीओ के अंदर सर्विस लेन पर होगा।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि प्रगति मैदान तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का लाभ उठाएं। दिल्ली मेट्रो से आने वाले लोग सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं और गेट नंबर 10 से मेले में प्रवेश ले सकते हैं। लोग मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर भी उतर सकते हैं और पैदल चल सकते हैं।
पार्किंग के लिए यह है व्यवस्था
दिल्ली या एनसीआर से यात्रा करने के लिए डीटीसी बसों का उपयोग करने वाले लोग मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर निर्दिष्ट बस स्टाप पर उतर सकते हैं। गेट नंबर चार और 10 आईटीपीओ के माध्यम से आईटीपीओ में प्रवेश ले सकते हैं। इसके साथ ही मेले में आने वालों से उनके वाहन बेसमेंट पार्किंग नंबर एक, भैरो मंदिर पार्किंग भैरों रोड और चिड़ियाघर पार्किंग में पार्क करने अपील की है। वाहन चालक बेसमेंट पार्किंग नंबर 2 यानी भारत मंडपम के नीचे भी पार्क करें।
पैदल यात्रियों के लिए ये सलाह
मथुरा रोड पर भारी पैदल आवाजाही रहेगी। चूंकि इस सड़क पर पूरे दिन भारी यातायात चलने की भी उम्मीद है, इसलिए लोगों को मथुरा रोड पर फुट-ओवर ब्रिज का उपयोग करना चाहिए।
यह भी पढ़ें-
शूटआउट एट सैलून: डबल मर्डर से दहली दिल्ली, बेखौफ बदमाशों ने बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां; देखें VIDEO