THAR से बाइक सवार को कुचलने वाला गिरफ्तार, गर्लफ्रेंड के साथ पार्टी कर लौट रहा था आरोपी
पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में थार से बाइक सवार को कुचलने के आरोपी अमरिंदर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद वह लुधियाना भाग गया था। आरोपी गर्लफ्रेंड के साथ पार्टी से लौट रहा था और उसने शराब पीने की बात भी कबूली है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज किया है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात थार से बाइक सवार को कुचलने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी पंजाब के लुधियाना भाग गया था। आरोपी का नाम अमरिंदर सिंह है। सुदर्शन पार्क का रहने वाला अमरिंदर सिंह फ्लेक्स बोर्ड प्रिंटिंग का काराेबार करता है।
वहीं, शुरुआती छानबीन में पुलिस को पता चला कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कीर्ति नगर से एक पार्टी में शामिल होकर घर लौट रहा था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने पार्टी में जाने के दौरान कार में शराब पीने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से भाग गया था। लापरवाही से वाहन चलाने से मौत का मामला दर्ज कर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वरुण दलाल के नेतृत्व में पुलिस ने छानबीन शुरू की। कार नंबर के जरिए पुलिस को कार के मालिक अमरिंदर सिंह के बारे में पता चला।
पुलिस ने तुरंत उसके सुदर्शन पार्क स्थित घर पर दबिश दी, लेकिन वह घर से गायब था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली व एनसीआर में उसके परिचितों और ठिकानों पर दबिश दी। साथ ही तकनीकी जांच के जरिए उसपर निगरानी बढ़ाई।
वहीं, शनिवार रात निगरानी के जरिए पुलिस को पता चला कि आरोपी लुधियाना से दिल्ली आ रहा है। पुलिस ने करनाल बाईपास पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में पुलिस को पता चला कि घटना के समय आरोपी कीर्ति नगर से एक पार्टी में शामिल होकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कार से घर लौट रहा था। हादसा होने के बाद वह अपने घर चली गई, जबकि वह वहां से लुधियाना भाग गया।
पुलिस की दबिश बढ़ने के बाद वह वापस आ गया। उसने बताया कि पार्टी में जाने के दौरान उसने कार में शराब पी थी। उसने बताया कि अचानक बाइक के सामने आने पर वह कार पर नियंत्रित नहीं कर पाया और हादसा हो गया।
क्या थी घटना
शुक्रवार देर रात को मोती नगर के पटेल रोड के पास एक थार कार ने बाइक सवार प्रेम नगर निवासी बेचूलाल को कुचल दिया। बेचूलाल की मौके पर मौत हो गई। बाइक से टकराने के बाद कार सामने खड़े एक ट्रक से टकराकर रुक गई थी।
यह भी पढ़ें- दर्दनाक: ट्रक ने ओला बाइक को मारी टक्कर, घसीटता चला गया शख्स; आरोपी चालक हुआ फरार
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को क्षतिग्रस्त थार कार और बाइक मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल बाइक सवार को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पहुंचने पर पता चला कि डॉक्टरों ने बेचन लाल को मृत घोषित कर दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।