दिल्ली विधानसभा में तलब होंगे पुलिस कमिश्नर, AAP MLA के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR
Delhi Assembly Session 2020 महेंद्र गोयल ने सदन में कहा कि मेरे ऊपर मॉस्क नही लगाने की वजह से एफआईआर हुई है। अगर मेरी गलती है तो मै सजा भुगतने के लिए तैयार हूं।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता़]। कथित तौर पर मास्क न लगाने पर आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र गोयल के खिलाफ एफआइआर का मामला सोमवार को दिल्ली विधानसभा में गूंजा। सदन की कार्रवाही के दौरान रिठाला के विधायक महेंद्र गोयल ने स्पीकर को अपना इस्तीफा देने की पेशकश की। महेंद्र गोयल ने सदन में कहा कि मेरे ऊपर मॉस्क नही लगाने की वजह से एफआईआर हुई है। अगर मेरी गलती है तो मै सजा भुगतने के लिए तैयार हूं।
सदन में आप विधायक ने कहा कि अगर मेरी गलती नहीं है तो संबंधित पुलिस थाने के एसएचओ को निलंबित किया जाए। महेंद्र गोयल ने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में नशा का कारोबार चल रहा था। उसको रोकने के लिए मौके पर गया था। उस दौरन मैने मास्क लगाया हुआ था। ये सीसीटीवी में रिकॉर्ड है।
भाजपा ने किया आप विधायक की शिकायत का समर्थन
महेंद्र गोयल के इन बातों को सुनकर आम आदमी पार्टी के विधायकों ने उनका समर्थन किया और कहा कि इलाके की डीसीपी को सदन में बुलाया जाए। इस दौरान भाजपा ने भी महेंद्र गोयल की शिकायत का समर्थन किया।
स्पीकर ने कहा पुलिस कमिश्नर को किया जाएगा सदन में तलब
पूरा सदन एकजुट देख विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने महेंद्र गोयल को भरोसा देते हुए कहा कि अगले सत्र में पुलिस कमिश्नर को सदन में बुला कर इस मामले पर जवाब मांगा जाएगा। स्पीकर ने महेंद्र गोयल का इस्तीफा नामंजूर करते हुए कहा कि इस मामले में उचित कार्यवाही की जाएगी।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज चल रहा है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को श्रद्दांजलि देने के बाद सत्र की शुरुआत हुई। कोरोना जांच की रिपोर्ट दिखाने के बाद विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने के लिए सदस्यों को जाने दिया गया। विधानसभा की दर्शक दीर्घा में किसी को जाने की इजाजत नहीं दी गई है। इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर सभी सदस्यों को पहले ही जानकारी दे दी गई थी। सत्र में सभी सदस्य एक-एक सीट छोड़कर सदन में बैठे हैं। सभी के लिए मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा सदस्यों की टेबल पर सैनिटाइजर भी रखा गया है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो