Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Weather: दिल्ली में गर्मी ने बढ़ाई परेशानी, जनवरी ने तोड़ा छह साल का रिकॉर्ड; जानें आनेवाले दिनों का हाल

    Updated: Fri, 31 Jan 2025 11:30 PM (IST)

    दिल्ली में जनवरी का महीना पिछले छह सालों का सबसे गर्म रहा है। औसत अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा है। यह आठ सालों की सबसे गर्म जनवरी भी है। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी की शुरुआत भी गर्मी के साथ होगी। इस साल औसत न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा है। 2017 में औसत न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा था।

    Hero Image
    दिल्ली में जनवरी ने तोड़ा गर्मी का रिकॉर्ड।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में जनवरी का यह महीना पिछले छह सालों का सबसे गर्म रहा है। एक से 30 जनवरी का औसत अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री रहा है। वहीं औसत न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा। औसत अधिकतम तापमान 2020 से 2025 तक 20 डिग्री के पार नहीं गया। 2019 का औसत अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री रहा था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं न्यूनतम तापमान के आधार पर भी यह आठ सालों की सबसे गर्म जनवरी रही है। इस साल औसत न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री रहा है। 2017 में औसत न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा था।

    आखिरी दिन भी गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड 

    उधर शुक्रवार को माह के आखिरी दिन भी गर्मी ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। धूप काफी अधिक तेज रही। तेज धूप की वजह से नमी का स्तर कम होकर महज 45 प्रतिशत रह गया। हालांकि नमी का अधिकतम स्तर 98 प्रतिशत रहा।

    पिछले छह सालों में जनवरी में सर्वाधिक गर्मी

    मौसम विभाग के अनुसार 2020 से 2025 के बीच जनवरी में तापमान पहली बार अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री रहा है। इससे पहले 21 जनवरी 2019 को यह 28.7 डिग्री रहा था। बृहस्पतिवार को 26.1 डिग्री तापमान भी पिछले छह सालों में सर्वाधिक था जबकि अब शुक्रवार के तापमान ने एक दिन पहले का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

    फरवरी की शुरुआत भी गर्मी के साथ ही होगी

    पूर्वानुमान के अनुसार फरवरी की शुरुआत भी गर्मी के साथ ही होगी। शनिवार को इसी तरह तेज धूप खिली रहेगी। सुबह के समय मध्यम कोहरा रह सकता है। आंशिक तौर पर बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के आसपास रहेगा। रविवार से तापमान में थोड़ी कमी आएगी। आंशिक बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री तक रह सकता है। तीन व चार फरवरी को धुंध रहेगी।

    तीन फरवरी को रात के समय और चार फरवरी को सुबह के समय हल्की वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान इस दौरान 22 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री तक रहेगा। पांच फरवरी से मौसम साफ हो जाएगा। अधिकतम तापमान 22 से 24 और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री तक रह सकता है।

    किस साल कितना रहा औसत अधिकतम व औसत न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

    साल औसत अधिकतम औसत न्यूनतम
    2025 20.9 8.4
    2024 17.9 6.5
    2023 19.7 6.6
    2022 18.1 8.2
    2021 19.2 7.0
    2020 19.5 8.0
    2019 21.2 6.9
    2018 22.2 7.0
    2017 21.2 8.7

    लगातार तीसरे दिन बहुत खराब रही दिल्ली की हवा

    शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 351 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यह सूचकांक 363 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटों के भीतर इसमें सिर्फ 12 अंकों का सुधार हुआ है।

    शुक्रवार को एनसीआर के विभिन्न शहरों का एक्यूआई

    शहर सीपीसीबी आइक्यू एयर
    दिल्ली 351 358
    गुरुग्राम 188 271
    गाजियाबाद 247 205
    फरीदाबाद 248 175
    ग्रेटर नोएडा 202 184
    नोएडा 215 205

    यह भी पढ़ें- द्वारका रैली में PM मोदी का स्वागत करने वाली ये चार महिलाएं कौन? प्रधानमंत्री ने जनता से कर दी बड़ी अपील