Delhi News: आतिशी की लोगों से अपील, कहा- भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने का लें संकल्प
गोविंदपुरी गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का साहस है जो इस देश के आम आदमी को आगे बढ़कर देश के लिए कुछ करने को प्रेरित करता है।
नई दिल्ली [अरविंद द्विवेदी]। आम आदमी पार्टी (AAM AADMI PARTY) की विधायक आतिशी (Atishi) ने कालकाजी में हर हाथ तिरंगा समारोह का नेतृत्व किया। गोविंदपुरी गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए आतिशी ने कहा कि यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का साहस है जो इस देश के आम आदमी को आगे बढ़कर देश के लिए कुछ करने को प्रेरित करता है।
स्वतंत्रता सेनानियों की बदौलत हुए आजाद
हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों की बदौलत आजाद हुए हैं लेकिन उनके सपने को आज तक पूरा नहीं कर पाए हैं। हम सभी को यह संकल्प लेने की जरूरत है कि जब तक हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा नहीं करेंगे, तब तक आराम नहीं करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भूखा न सोए, हर बच्चे को शानदार शिक्षा मिले और इस देश के प्रत्येक नागरिक को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं मिले।
हमारी जिम्मेदारी भारत को बनाएंगे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र
यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम भारत को दुनिया का नंबर एक राष्ट्र बनाएं। इस देश के हर शिक्षक, डाक्टर, इंजीनियर, कलाकार, खिलाड़ी और हर नागरिक को इसके लिए एकजुट होना होगा। आतिशी ने कहा कि हम सभी अपने स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में पढ़ते और सीखते हुए बड़े हुए हैं।
भगत सिंह ने 23 साल की उम्र में दिया बलिदान
हमने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और ऐसे हजारों-हजारों बहादुरों के साहस के बारे में पढ़ा जिन्होंने इस देश को आजादी दिलाने के लिए हर संभव कोशिश की। हम भगत सिंह के साहस के बारे में पढ़ते हैं कि 23 साल की उम्र में उन्होंने भारत में आजादी की क्रांति को आगे बढ़ाने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह वह साहस है जो आजादी के 75 सालों के बाद भी प्रेरणा बनकर देश के आम आदमी को देश के लिए आगे बढ़कर कुछ करने के लिए प्रेरित करता है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली के LG ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाया बड़ा कदम, हर साल 1000 महिलाओं को कैब चलाने का मिलेगा प्रशिक्षण