यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi में जंतर-मंतर पर खौफनाक वारदात, गाड़ी हटाने के विवाद में जानलेवा हमला; आरोपी फरार
दिल्ली के जंतर-मंतर रोड पर गाड़ी हटाने को लेकर हुए झगड़े में तीन लोगों ने एक कार चालक पर कृपाण ...और पढ़ें

HighLights
- जंतर-मंतर रोड पर कार चालक पर कृपाण से हमला
- गाड़ी हटाने को लेकर हुआ था विवाद
- दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में जंतर-मंतर रोड पर गाड़ी हटाने के झगड़े में तीन लोगों ने एक कार चालक पर कृपाण से जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए आरएमएल में भर्ती कराया गया।
वहीं, संसद मार्ग पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक आरोपित फरार हैं।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घायल की पहचान जमरूदपुर के 32 वर्षीय राकेश मंडल के रूप में हुई है। पेशे से वह चालक हैं। रेल भवन में वह कांट्रेक्ट पर अपनी होंडा सिटी कार चलाते हैं।
आरोप है कि छह अगस्त को प्रतिदिन की तरह सुबह नौ बजे रेल भवन में अपनी सवारी छोड़ी और अपनी कार लेकर इंडिया यूथ कांग्रेस के ऑफिस के पास आ गए। शाम करीब चार बजे वह कार को जंतर-मंतर रोड पर साइड में खड़ी कर अपने साथियों के साथ बैठ कर खाना खाने लगे। उनकी गाड़ी के बगल में पहले से इनोवा कार खड़ी थी। तभी इनोवा कार चालक आया और उन्हें गाड़ी हटाने को कहने लगा। उन्होंने खाना खाकर गाड़ी हटाने को कहा।
यह भी पढ़ें- Delhi Murder Case: चाचा का कत्ल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2023 से चल रहा था फरार
इसके बाद इनोवा चालक ने गाली देते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया। कुछ लोगों ने बीच बचाव किया। उसके बाद उसने अपने दो साथियों को बुला लिया। उनके पास कृपाण था। उन्होंने मारने के लिए कृपाण निकाल लिया। वह जान बचाने के लिए भागे। तब तीनों ने उनका पीछा किया और जंतर-मंतर रोड के फुटपाथ पर पकड़ लिया। उसके बाद उनके सिर, पीठ और कंधे पर कृपाण से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर लोग जुटने लगे तो तीनों मौके से फरार हो गए।
सूचना के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं आरोपितों की पहचान शाहदरा के गौरव शर्मा, पंजाब के हरदीप सिंह के रूप में हुई। एक अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
