Delhi MCD: सदन में हंगामे को लेकर भाजपा का बड़ा आरोप, मनोज तिवारी ने कहा- AAP डाल रही है महापौर चुनाव में बाधा
BJP ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों ने सोची-समझी साजिश के तहत नगर निगम में हंगामा किया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बहुमत होने के बावजूद आप महापौर चुनाव में बाधा डाल रही है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। भाजपा ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों ने सोची-समझी साजिश के तहत नगर निगम में हंगामा किया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बहुमत होने के बावजूद आप महापौर चुनाव में बाधा डाल रही है। AAP पार्षदों ने सदन में भाजपा पार्षदों के साथ मारपीट की। सदन से बाहर आप कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने भाजपा पार्षदों व सांसदों के साथ अभद्र व्यवहार किया है। आप नेता लोकतंत्र और देश के संविधान का मजाक उड़ा रहे हैं। भाजपा चुनाव लड़ रही है, लेकिन बहुमत होने के बाद भी आप चुनाव से भाग रही है।
भाजपा महामंत्री ने भी किया हमला
प्रदेश भाजपा के महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बताना चाहिए बहुमत होने के बाद भी उनकी पार्टी महापौर के चुनाव में बाधा क्यों डाल रही है। छह जनवरी को आप पार्षदों ने मनोनित पार्षदों को पहले शपथ दिलाने पर हंगामा किया था, लेकिन मंगलवार को इस पर उनकी कोई आपत्ति नहीं थी। इस बार उन्होंने महापौर चुनाव होने से पहले हंगामा शुरू कर दिया था। आप के कारण निगम चुनाव के डेढ़ माह बाद भी दिल्ली को नया महापौर नहीं मिला है, जिससे कामकाज बंद है।
उन्होंने कहा कि आप पार्षदों ने महापौर पद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता सहित भाजपा की अन्य महिला पार्षदों के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्हें रोकने की कोशिश करने पर पार्षद संदीप कपूर के साथ मारपीट की गई जिसकी शिकायत पुलिस से की गई है। उन्होंने कहा कि आप से दो पार्षदों ने महापौर पद के लिए नामांकन किया है। मत विभाजन के डर से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर पार्षदों ने हंगामा किया है।
संदीप कुमार ने की कार्रवाई करने की मांग
संदीप कपूर ने पुलिस से भाजपा पार्षदों के साथ मारपीट करने वाले आप पार्षदों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।