नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। एक के बाद एक चुनाव हारने के बाद दिल्ली कांग्रेस में अब बिखराव शुरू हो चुका है। प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी के खिलाफ पार्टी के भीतर ही विरोध शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर अनिल चौधरी ट्रोल किए जा रहे हैं। दरअसल, बुधवार को नगर निगम चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद अनिल चौधरी ने एक ट्वीट करते हुए कहा, ‘दिल्ली के सभी मतदाताओं, कांग्रेस उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं का निगम चुनाव में सहयोग व समर्थन के लिए शुक्रिया। कल कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से मिलने जा रहा हूं।’
सभी पदाधिकारियों से इस्तीफे की मांग
उनके इस ट्वीट के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। चंद लोगों को छोड़ अधिकतर ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। इनमें से अधिकतर कांग्रेस के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं जो कह रहे हैं हम आपके साथ हैं। राशिद सिद्दीकी नाम के एक शख्स ने प्रदेश अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा है कि जिस अध्यक्ष को अपने वोट का होश न हो, वो दिल्ली के वोटर, जनता और अपनी पार्टी क्या संभालेगा।
रीता रानी ने कहा है कि इस हार को देखते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। संदीप शर्मा ने कहा कि अपने पद से इस्तीफा दे दीजिए। आप थोड़ा समय और दिल्ली में कांग्रेस के मुखिया बने रहते हैं तो दिल्ली में कांग्रेस विलुप्त हो जाएगी।
मुस्लिम समाज ने भी की कांग्रेस की आलोचना
अनवर अली का कहना है, कांग्रेस को सोचना चाहिए कि मुस्लिम समाज के लोगों ने इज्जत बचा ली आपकी पार्टी की वरना आपके ही पार्टी के लोग जब पद देना होता है तो हमारे समाज के लोगों से दूरी बनाते हो, ऐसा करने वाले सब पदाधिकारी हारे। यश कुमार का कहना है कि जब आपको पहले से यह नहीं पता चल सका कि आपका खुद का नाम वोटर लिस्ट में नहीं है तो आप पार्टी के लिए क्या बूथ मैनेज करोगे।
साथ ही यश कुमार ने कहा कि दिल्ली एमसीडी चुनाव में पार्टी की ऐसी हालत होना तो तय था। श्री सिकंदर मांझी पूर्वांचल से नाम के ट्विटर हैंडल से तारीफ करते हुए लिखा गया है कि आप जैसा अध्यक्ष और कर्मठ कार्यकर्ता कांग्रेस को मिलना मुश्किल है।
यह भी पढ़ें- Delhi MCD Election में हार के बाद बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता- एक दिन सबको पद त्यागना पड़ता है
यह भी पढ़ें- Delhi MCD Election: दंगा प्रभावित मुस्लिम बहुल क्षेत्र में कांग्रेस ने मारी बाजी, जानें किसके सर पर सजा ताज