Move to Jagran APP

Elections in Delhi: पिछले दो लोकसभा चुनावों से भी इस बार कम हुआ मतदान, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताईं ये दो वजह

Delhi Lok Sabha Chunav 2024 सूर्य की तपिश के बीच दिल्ली वालों ने मतदान में उत्साह तो दिखाया लेकिन 47 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ना तो दूर गर्मी के कारण पिछले दो लोकसभा चुनावों के मुकाबले भी कम मतदान हुआ। पिछले चुनाव के मुकाबले करीब दो प्रतिशत और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 6.41 प्रतिशत कम मतदान हुआ है।

By Ranbijay Kumar Singh Edited By: Geetarjun Published: Sun, 26 May 2024 12:10 AM (IST)Updated: Sun, 26 May 2024 12:10 AM (IST)
पिछले दो लोकसभा चुनावों से भी कम हुआ इस बार मतदान

रणविजय सिंह, नई दिल्ली। सूर्य की तपिश के बीच दिल्ली वालों ने मतदान में उत्साह तो दिखाया, लेकिन 47 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ना तो दूर गर्मी के कारण पिछले दो लोकसभा चुनावों के मुकाबले भी कम मतदान हुआ। पिछले चुनाव के मुकाबले करीब दो प्रतिशत और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 6.41 प्रतिशत कम मतदान हुआ है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय इसका कारण गर्मी व छुट्टियों को मान रहा है।

दिल्ली में सबसे अधिक मतदान वर्ष 1977 में 71.31 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके बाद दिल्ली में कभी इतना मतदान नहीं हो पाया और हमेशा राष्ट्रीय औसत से कम मतदान होता रहा है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में 65.10 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब 10 अप्रैल को मतदान हुआ था और तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था।

पिछले लोकसभा चुनाव में भी 60 प्रतिशत हुआ अधिक मतदान

वर्ष 2019 में पिछला लोकसभा चुनाव 12 मई को हुआ था, तब तापमान छह डिग्री सेल्सियस अधिक (39 डिग्री सेल्सियस) अधिक था। उस वक्त पिछले चुनाव से मतदान करीब साढ़े चार प्रतिशत कम रहा था।

इस बार पिछले लोकसभा चुनाव के तुलना में तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने पर मतदान करीब दो प्रतिशत कम हो गया। पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार चांदनी चौक में सबसे कम 4.15 प्रतिशत मतदान कम रहा है।

सीईओ कार्यालय का कहना है कि एक तो गर्मी अधिक थी, दूसरा शनिवार को अवकाश था। रविवार को भी अवकाश होता है। स्कूलों में गर्मी की भी छुट्टियां शुरू हो गई हैं। इस वजह से बहुत लोग शहर से बाहर चले गए हैं। इन कारणों से इस बार मतदान थोड़ा कम हुआ। दैनिक जागरण ने 18 मार्च के अंक में भी खबर प्रकाशित कर बताया था कि इस बार मतदान बढ़ाना चुनाव आयोग के लिए बड़ी चुनौती होगी।

मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद व चेन्नई के मुकाबले दिल्ली में अधिक हुआ मतदान

यदि महानगरों की बात करें तो दिल्ली में इस बार भी मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद व चेन्नई के मुकाबले अधिक मतदान हुआ है। मुंबई में 54.1 प्रतिशत, बेंगलुरु में 56.91 प्रतिशत, हैदराबाद 48.48 प्रतिशत व चेन्नई में 55.94 प्रतिशत मतदान हुआ है। दिल्ली की तुलना में कोलकाता में मतदान अधिक रहा है।

पिछले लोकसभा चुनावों में मतदान की स्थिति

वर्ष-  दिल्ली में मतदान

2024- 58.63

2019- 60.6

2014- 65.10

2009- 51.85

2004- 47.09

1999- 43.54

1998- 51.29

1996- 50.62

1991- 48.52

1989- 54.30

1984- 64.48

1980- 64.89

1977- 71.31

दिल्ली के सातों लोकसभा क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत

लोकसभा क्षेत्र            2024          2019

चांदनी चौक              58.63         62.78

उत्तरी पूर्वी दिल्ली       62.94         63.86

पूर्वी दिल्ली                59.52         61.70

नई दिल्ली                 55.47         56.91

उत्तरी पश्चिमी दिल्ली    57.86         58.97

पश्चिमी दिल्ली             58.68         60.82

दक्षिणी दिल्ली             56.45         58.75


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.