Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Election 2025: अवध ओझा को चुनौती देंगे सचदेवा? आतिशी और केजरीवाल को BJP के इन नेताओं से मिल सकती है टक्कर

    Updated: Wed, 11 Dec 2024 08:09 AM (IST)

    Delhi Vidhan Sabha Election 2025 के लिए भाजपा अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने की तैयारी में है। पार्टी नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अन्य बड़े नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहा है। पटपड़गंज सीट से सचदेवा नई दिल्ली से प्रवेश वर्मा कालकाजी से रमेश बिधूड़ी कृष्णा नगर से डॉ. हर्षवर्धन मॉडल टाउन से विजय गोयल लाजपतनगर से मीनाक्षी लेखी दावेदार बताए जा रहे हैं।

    Hero Image
    Delhi Chunav 2025: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल

    संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। Delhi Vidhan Sabha Election 2025 : आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा चुनाव के लिए 70 में से 31 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इससे भाजपा पर भी अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करने का दबाव बन रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व इस बार प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अन्य बड़े नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़ सकते हैं सचदेवा

    यही कारण है कि प्रदेश पदाधिकारी से लेकर कई पूर्व सांसद टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं। पसंद की सीट पर उन्होंने अपनी सक्रियता भी बढ़ा दी है। सचदेवा पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया इस क्षेत्र से दो बार विधायक चुने गए हैं। पिछली बार बहुत कम अंतर से वह चुनाव जीते थे।

    पटपड़गंज से AAP ने अवध ओझा को बनाया प्रत्याशी

    इस बार वह पटपड़गंज की जगह जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि सिसोदिया ने क्षेत्र में काम नहीं किया है। इस कारण उन्हें सीट बदलनी पड़ी है। आम आदमी पार्टी ने यहां से अवध ओझा को अपना उम्मीदवार बनाया है। सचदेवा इन्हें चुनौती दे सकते हैं। उनका नाम कस्तूरबा नगर से भी चर्चा में है।

    आम आदमी पार्टी ने पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट दिया है।

    ये भी पढ़ें-

    Delhi Election 2025: मनीष सिसोदिया की सीट क्यों बदली गई? AAP ने खेला 'सेफ गेम' या कुछ और...

    नई दिल्ली से केजरीवाल को मिलेगी चुनौती

    आप संयोजक अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से विधायक हैं। उत्तर पश्चिमी दिल्ली के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा इस बार उन्हें चुनौती दे सकते हैं। वह पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। नई दिल्ली के साथ ही वह शालीमार बाग विधानसभा सीट से भी दावेदार बताए जाते हैं, क्योंक इस क्षेत्र से उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की कर्मभूमि रही है।

    आतिशी के सामने BJP से कौन लड़ेगा चुनाव?

    मुख्यमंत्री आतिशी की राह मुश्किल करने के लिए दक्षिणी दिल्ली के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी कालकाजी से प्रत्याशी हो सकते हैं। पिछले कुछ माह से वह इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस क्षेत्र में उन्होंने दो मेडिकल मोबाइल वैन की भी शुरुआत की है। तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र से भी उनके नाम की चर्चा है। वह तुगलकाबाद के रहने वाले हैं और यहां से पहले विधायक भी चुने गए थे।

    कृष्णा नगर से चुनाव लड़ सकते हैं डॉ. हर्षवर्धन

    पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन एक बार फिर से कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दौड़ में हैं। वर्ष 2014 में चांदनी चौक से सांसद चुने जाने से पहले वह इसी क्षेत्र से विधायक थे। इस बार सांसद का टिकट नहीं मिलने पर वह कृष्णा नगर स्थित अपनी क्लीनिक में बैठने लगे हैं।

    क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में भी उनकी उपस्थिति दिख रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल माडल टाउन से चुनाव लड़ सकते हैं। इन दोनों नेताओं के नाम की चर्चा शकूरबस्ती से भी है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी लाजपतनगर से और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय मालवीय नगर से दावेदार बताए जाते हैं।