Driving License News: दिल्ली में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहते हैं तो जरूर पढ़ें यह खबर
Delhi Driving license news पहले जहां प्रतिदिन 40-50 लाइसेंस बनाए जा रहे थे इसे एक सौ से अधिक कर दिया गया है। अधिकारियों का दबाव अधिक से अधिक लोगों के लाइसेंस बनाने का है। इसे किया भी जा रहा है।
नई दिल्ली [वी.के.शुक्ला]। Delhi Driving license news: दिल्ली में रहते हैं, ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहते हैं तो इस साल की उम्मीद न करें। अधिकतर अथॉरिटी (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) में दिसंबर तक की तारीख नहीं (डेट फुल) है। अब अगर लर्निंग लाइसेंस बनवाएंगे तो जनवरी की तारीख मिलेगी। यही हाल ड्राइविंग टेस्ट का है। इसके लिए भी तीन माह से अधिक की वेटिंग चल रही है। यह समस्या काेरोना के संक्रमण के कारण उत्पन्न हुई है। हालांकि परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत इस बारे में विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि लाइसेंस बनवाने के लिए मिल रही वेटिंग को कम किया जाए।
विजय कुमार कंझावला के ब्लाक नंबर दो, गली नंबर 12 में रहते हैं। इन्होंने तीन दिन पहले लर्निंग लाइसेंस के लिए रोहिणी अथॉरिटी में ऑनलाइन आवेदन किया था। जिसमें पता चला कि दिसंबर तक कोई तारीख नही है, जनवरी में तारीख मिलेगी। इसी तरह पटपड़गंज क्षेत्र में स्थित मंडावली के रहने वाले किशन लाल का लर्निंग लाइसेंस कोरोना काल से पहले का ही बन गया था। उन्हें स्थायी लाइसेंस बनवाना है। इसके लिए उन्होंने मयूर विहार अथॉरिटी में ऑनलाइन आवेदन किया तो तीन माह बाद का समय मिला। यह समस्या केवल इन्हीं दो अथॉरिटी की नहीं है। लगभग सभी अथॉरिटी का यही हाल है। राजा गार्डन, शेख सराय, लाेनी रोड, सूरजमल विहार अथॉरिटी में भी यही हाल है।
अथॉरिटी में दो एमएलओ और सात निरीक्षक कोरोना पॉजिटिव
परिवहन विभाग के एक अधिकारी कहते हैं कि दो अथॉरिटी के एमएलओ को कोरोना हो गया है, विभिन्न अथॉरिटी के सात निरीक्षक और 12 कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में है। उन्होंने बताया कि अथॉरिटी में स्टॉफ बढ़ाए जाने की जरूरत है। लॉकडाउन के दौरान बंद रहे कार्य के चलते वेटिंग बढ़ी है। हालांकि पहले जहां प्रतिदिन 40-50 लाइसेंस बनाए जा रहे थे, इसे एक सौ से अधिक कर दिया गया है। अधिकारियों का दबाव अधिक से अधिक लोगों के लाइसेंस बनाने का है। इसे किया भी जा रहा है। मगर पिछले आवेदन पेंडिंग होने के चलते वेटिंग चल रही है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो