यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi Crime: बीच बाजार बैग छीनकर पत्नी ने शुरू किया झगड़ा, पति ने कमर पर तान दी पिस्टल; जब मचा हंगामा तो...
उत्तर-पूर्वी जिले के दयालपुर थाना इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को सबक सिखाने के लिए उसपर पिस्टल तान ...और पढ़ें

HighLights
- पुलिस ने पिस्टल, सात कारतूस और एक मैग्जीन जब्त की।
- मौके पर अधिक भीड़ इकट्ठा होने पर पति फरार हो गया।
पूर्वी दिल्ली, जागरण संवाददाता। उत्तर-पूर्वी जिले के दयालपुर थाना इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को सबक सिखाने के लिए उसपर पिस्टल तान दी। पत्नी तीन साल से दो बच्चों के साथ अलग रह रही है। घटनास्थल पर जुटी भीड़ में से एक शख्स ने हिम्मत दिखाते हुए पिस्टल छीन कर अनहोनी होने से बचा ली, लेकिन भीड़ को देख कर आरोपित वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने सात कारतूस भी किए बरामद
पुलिस ने पिस्टल, सात कारतूस और एक मैग्जीन जब्त कर ली है। दिल्ली पुलिस ने पति के खिलाफ जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।
पीड़िता अपने परिवार के साथ भजनपुरा इलाके में रहती हैं। नोएडा स्थित एक कंपनी में काम करती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी वर्ष 2013 में अप्रैल में हुई थी। घरेलू झगड़े की वजह से तीन साल से वह अपने दोनों बच्चों के साथ अलग रह रही हैं।
लड़के ने छीनी पिस्टल
बुधवार सुबह करीब आठ बजकर चालीस मिनट पर वह भजनपुरा सब-वे से आगे मजार वाली जगह पहुंची। वहां पहुंचे पति ने उनका बैग छीनकर झगड़ा शुरू कर दिया। तभी पति ने अपने बैग से पिस्टल निकाली और पत्नी की कमर पर लगा दी। मौके पर भीड़ जमा हो गई। तभी एक लड़के ने पति के हाथ से पिस्टल छीन ली। अधिक भीड़ इकट्ठा होने पर पति फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट इनपुट- निखिल पाठक
