यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Delhi: नशे की लत ने बनाया पति-पत्नी को वाहन चोर, पुलिस ने दोनों को दबोचा; आरोपी के खिलाफ दर्ज है डकैती का केस
नशे की लत काे पूरा करने के लिए वाहन चोरी करने वाले पति-पत्नी को द्वारका जिले की वाहन चोरी निरोधक ...और पढ़ें

पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता। नशे की लत काे पूरा करने के लिए वाहन चोरी करने वाले पति-पत्नी को द्वारका जिले की वाहन चोरी निरोधक दस्ता पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान हरियाणा, सोनीपत के दीपक राणा व प्रीति के रूप में हुई है।
आरोपित दीपक के खिलाफ हरियाणा, गन्नौर थाने में डकैती का मामला भी दर्ज है। आरोपितों के पास पुलिस ने एक मोटरसाइकिल बरामद की है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त एम हर्षवर्धन ने बताया कि 14 अगस्त को देर रात बाबा हरिदास नगर थाने में पीड़ित ने शिकायत के दौरान के बताया कि शिव एन्क्लेव में किसी ने उनकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली है।
फुटेज में दिखे पति-पत्नी
इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का विश्लेषण किया। फुटेज से पता चला कि चोरी एक दंपत्ति ने की है। फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। 19 अगस्त को सूत्रों से जानकारी मिली कि चोरी की घटना में शामिल व्यक्ति अपनी प्रेमिका के साथ नजफगढ़ स्थित अनाज मंडी के पास आएगा।
फेसबुक से दोनों की हुई थी दोस्ती
पुलिस ने जाल बिछाकर दंपति को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित दीपक ने बताया कि वह एक प्रसिद्ध टिकटॉक स्टार बनना चाहता था और इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करता था। इसी बीच वह फेसबुक के जरिए प्रीति के संपर्क में आया था। दोस्ती के बाद वे एक-दूसरे से मिले और शादी कर ली।
रोहतक जाते समय चोरी की मोटरसाइकिल
शादी के बाद वे परिवार से अलग किराए के मकान में रह रहे थे। दोनों नशे के आदी हैं और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों एक फैक्ट्री में नौकरी कर रहे थे। घटना वाले दिन वे नजफगढ़ में नशीला पदार्थ खरीदने पहुंचे। देर रात जब वे रोहतक जा रहे थे तो उन्होंने अपने निजी इस्तेमाल के लिए एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली।
