Coronavirus: दिल्ली में तीसरे दिन भी टूटा नए मामलों का रिकॉर्ड, 4433 मरीज हुए स्वस्थ
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन साढ़े पांच हजार से अधिक मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में कोरोना के मामलों ने नया रिकॉर्ड बनाया। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी रिपोर्ट के अनुसार 5891 नए मरीज आए।
नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण को लेकर किसी तरह की राहत नजर नहीं आ रही है। बल्कि यह तेजी के साथ बढ़ रहा है। इसकी वजह से लगातार तीसरे दिन नए मामलों का रिकार्ड बन गया है। शुक्रवार को सामने आए आंकड़ों में एक दिन में 5,899 नए मामले सामने आए हैं। यह राजधानी में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले बृहस्पतिवार को 5,739 और बुधवार को 5,673 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ संक्रमण दर भी बढ़कर 9.88 फीसद तक पहुंच गई है। 24 घंटे में इस महामारी से मरने वालों की संख्या भी 47 हो गई। एक दिन पहले यह आंकड़ा 27 का था। बढ़ते मामलों पर सरकार भी गंभीर हो गई है। दिल्ली के मुख्य सचिव ने कोरोना पर सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मौजूदा हालात की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 59,641 सैंपल की जांच की गई। इसमें 9.88 फीसद सैंपल पॉजिटिव पाए गए। राजधानी में शुक्रवार तक सक्रिय मरीजों की संख्या 32,363 हो चुकी है। इनमें से 19,064 मरीज घर में क्वारंटाइन रहकर इलाज करवा रहे हैं। वहीं 6,114 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इनके अलावा अन्य मरीज कोविड केयर सेंटर और हेल्थ सेंटर में उपचाराधीन हैं। पिछले एक दिन में 4,433 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक दिल्ली में 3,81,664 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3,42,811 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि एक दिन पहले तक स्वस्थ होने की दर 90 फीसद से अधिक थी। लेकिन शुक्रवार को यह घटकर 89.82 फीसद हो गई है। वहीं मृत्यु दर 1.70 फीसद है।
45 नए कंटेनमेंट जोन बने
कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसके साथ कंटेनमेंट जोन की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में 45 नए कंटेनमेंट जोन बने हैं। इस तरह से अभी राजधानी में 3,158 कंटेनमेंट जोन हैं। एक दिन पहले इनकी संख्या 3,113 थी।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो