सुशील के परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, दिया पांच लाख रुपये का चेक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी समुदाय विशेष के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। इस दौरान उनके साथ मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिलाध्यक्ष राजकुमार भाटिया व कार्यकर्ता मौजूद थे।
नई दिल्ली [सोनू राणा]। आदर्श नगर के सराय पीपल थला में मंगलवार को चाकू से गोदकर की गई सुशील की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और परिवार का दुखदर्द बांटा। इस दौरान उन्होंने सुशील की पत्नी वंदना को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि सुशील की बर्बरतापूर्ण तरीके से की गई हत्या की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कड़ी निंदा करती है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर को फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा गया है। इसके अलावा मामले को फास्ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। इस दौरान उनके साथ मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, जिलाध्यक्ष राजकुमार भाटिया व कार्यकर्ता मौजूद थे।
बुधवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया परिवार से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने भी स्वजनों को आरोपितों को कड़ी सजा दिलवाने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को दो समुदाय के परिवारों में भजन चलाने पर हुए झगड़े में पड़ोस में रहने वाले तीन भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया था। इसमें एक भाई सुशील की मौत हो गई थी, जबकि अनिल व सुनील घायल हो गए थे।
धरना दे आरोपितों को फांसी देने की मांग की
सुशील की हत्या मामले में फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने व उन्हें फांसी दिलवाने के लिए स्वजनों व उनके दोस्तों, पड़ोसियों ने धरना दिया। इस दौरान 'हत्यारों को फांसी दो' लिखे पोस्टर हाथ में लिए स्वजनों, महिलाओं व पड़ोस के लोगों ने आदेश गुप्ता से आरोपितों को फांसी देने की मांग की। गुप्ता ने धरने पर बैठे लोगों को आश्वासन दिलाया कि आरोपितों को बक्शा नहीं जाएगा।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो