दिल्ली में किसानों को ट्रैक्टर खरीद व बिजली-पानी पर नही मिल रही सब्सिडीः आदेश गुप्ता
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में किसानों को किसान का दर्जा दिल्ली सरकार ने नहीं दिया है। जिससे उन्हें टैक्टर खरीद और बिजली -पानी पर सब्सिडी नहीं मिल रही है। 24 घंटे में आजादपुर मंडी का किसान भवन नहीं खोला गया तो भाजपा कार्यकर्ता इस भवन को खोलेंगे।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। दिल्ली प्रदेश भाजपा इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सोमवार को केजरीवाल सरकार पर किसानों को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादपुर मंडी में किसानों के लिए आरामगृह बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना ने किसानों के लिए यह सेवा शुरू की थी । 76 रुपये में कमरा और 28 रुपये में खाने की थाली मिलती थी। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने उन्हें बंद करवा दिया है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में किसानों को किसान का दर्जा दिल्ली सरकार ने नहीं दिया है। जिससे उन्हें टैक्टर खरीद और बिजली -पानी पर सब्सिडी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में आजादपुर मंडी का किसान भवन नहीं खोला गया तो भाजपा के कार्यकर्ता इस भवन को खोलेंगे।
केजरीवाल को नहीं किसानों व ग्रामीणों की चिंता: आदेश गुप्ता
इससे पहले भाजपा ने रविवार को कृषि कानून के समर्थन में कराला गांव से घेवरा मोड़ स्थित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. साहिब सिंह वर्मा की समाधि तक ट्रैक्टर रैली निकाली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता व भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राजकुमार चाहर के नेतृत्व में निकाली गई रैली में करीब 200 ट्रैक्टरों के साथ अलग-अलग गांव के किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों ने रैली निकालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया।
कराला के स्टेडियम में ट्रैक्टर रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को लेकर हर समय चिंतित रहते हैं। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए ही यह कानून बनाए गए हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी पार्टियों ने देश के किसानों को गुमराह करने की मुहिम छेड़ी हुई है, कहीं ट्रैक्टर जलाए जा रहे हैं तो कहीं कानूनों के बारे में गलत जानकारी दी जा रही है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को किसानों और ग्रामीणों की कोई चिंता नहीं है। आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार दिल्ली में करीब छह वर्षो से है, लेकिन आज तक दिल्ली के किसानों को खेती के लिए कोई सुविधा मुहैया नहीं करवाई। केजरीवाल ने कहा था कि वह दिल्ली के किसानों को किसानों का दर्जा दिलवाएंगे, लेकिन अभी तक उनको किसानों का दर्जा नहीं मिला है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो