विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Polls 2025: इसी सप्ताह आ सकती है भाजपा की दूसरी लिस्ट, नुपूर शर्मा सहित टिकट की रेस में ये नेता

Published: Wed, 08 Jan 2025 10:23 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 09 Jan 2025 07:09 AM (GMT+05:30)

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भाजपा की दूसरी सूची इसी सप्ताह जारी होने की उम्मीद है। पार्टी नेताओं के साथ चर्चा के बाद अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। दूसरी सूची में लगभग 30 उम्मीदवार हो सकते हैं जिसमें पूर्वांचलियों को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलने की बात कही जा रही है।

भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची का बढ़ रहा इंतजार।
भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची का बढ़ रहा इंतजार।

HighLights

  1. पार्टी के 29 प्रत्याशी हुए हैं घोषित, इस सप्ताह अन्य की हो सकती है घोषणा।
  2. विधायक अभय वर्मा व मोहन सिंह बिष्ट के टिकट का भी नहीं हुआ है निर्णय।
  3. पूर्व मंत्री मीनाक्षी लेखी के साथ ही नुपूर शर्मा भी टिकट की दौड़ शामिल हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Delhi Assembly Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की घोषणा हो गई है, लेकिन भाजपा अब तक अपने प्रत्याशियों का चयन नहीं कर सकी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पांच जनवरी को हुई रैली से एक दिन पहले पार्टी ने 29 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। शेष प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार बढ़ रहा है।

इससे पार्टी का चुनाव प्रचार भी प्रभावित हो रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सभी प्रत्याशी अपने क्षेत्र में जनता के बीच पहुंच रहे हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं को टिकट की घोषणा का इंतजार है।

दूसरी सूची इसी सप्ताह आने की उम्मीद

बताया जा रहा है कि दिल्ली के नेताओं के साथ चर्चा कर अधिकांश सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। केंद्रीय चुनाव समिति से अनुमति मिलने के बाद घोषणा की जाएगी। इसी सप्ताह पार्टी दूसरी सूची जारी होने की उम्मीद है। दूसरी सूची में लगभग 30 उम्मीदवार हो सकते हैं। इसमें पूर्वांचलियों को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलने की बात कही जा रही है।

नुपूर शर्मा को भी मिलेगी टिकट!

कई नेता नुपूर शर्मा को भी चुनाव मैदान में उतारने के पक्ष में हैं। विवादित बयान के कारण दो वर्ष पहले उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। इस बारे में अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति को करना है।

भाजपा के कब्जे वाली 5 सीटों पर उतारे प्रत्याशी

पहली सूची में भाजपा के कब्जे वाली सात में से पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी तय कर लिए गए हैं। रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता, घोंडा से अजय महावर, विश्वासनगर से ओम प्रकाश शर्मा और रोहतास नगर से जितेंद्र महाजन को फिर से चुनाव मैदान में उतारा गया है। गांधीनगर से विधायक अनिल वाजपेई की जगह पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली को टिकट दिया गया है।

लक्ष्मीनगर और करावल नगर से ये उम्मीदवार हैं दावेदार

दूसरी सूची में लक्ष्मीनगर और करावल नगर से भी उम्मीदवार घोषित हो सकते हैं। लक्ष्मीनगर से विधायक अभय वर्मा के साथ ही आप से भाजपा में आने वाले पूर्व विधायक नितिन त्यागी व भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष लता गुप्ता भी दावेदार हैं। करावल नगर से विधायक मोहन सिंह बिष्ट के साथ ही कपिल मिश्रा के नाम की चर्चा है।

ये भी पढ़ें- Delhi Election 2025: 'आज आपने साफ कर दिया...' AAP को विपक्षी कहने पर कांग्रेस नेता पर भड़के केजरीवाल

भाजपा ने दो पूर्व सांसदों को मैदान में उतारा

पार्टी ने दो पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के विरुद्ध नई दिल्ली से और रमेश बिधूड़ी को मुख्यमंत्री आतिशी के सामने कालकाजी से चुनाव मैदान में उतारा है। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी कस्तूरबा नगर से टिकट की दौड़ में बताई जा रही हैं। यहां से कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक नीरज बसोया, भाजपा नेता धर्मवीर सिंह व रविंद्र चौधरी भी दावेदार हैं।

आप ने भाजपा छोड़कर आने वाले जितेंद्र सिंह शंटी को शाहदरा से चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, जिला अध्यक्ष संजय गोयल के साथ ही पंकज लूथरा व आदित्य झा दावेदार हैं। शंटी के भाई व दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य बलबीर सिंह का नाम भी चर्चा में है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।