Move to Jagran APP

Chicken Price Hike: LPG सिलेंडर के बाद दिल्ली में बढ़े चिकन के भी दाम, जानें- क्या है आज का रेट

Chicken Recipe Costlier Now थोक में मुर्गे का दाम बढ़ने की वजह से चिकन का भाव 110 से 115 रुपये के बीच पहुंच गया है। मुर्गा व्यवसायियों का कहना है कि राजधानी में लोगों के मन से बर्ड फ्लू का डर खत्म हो रहा है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Tue, 16 Feb 2021 02:02 PM (IST)Updated: Tue, 16 Feb 2021 05:55 PM (IST)
छोटा मुर्गा महंगा बिका, जिसका दाम 95 रुपये किलो तक रहा।

नई दिल्ली [आशीष गुप्ता]। दिल्ली में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम के बीच दिल्ली में चिकन के दाम भी बढ़ गए हैं। बताया जा रहा है कि चिकन की मांग दिल्ली में फिर से बढ़ने लगी है। मांग की तुलना में गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुर्गा कम आ रहा है। इस वजह से मुर्गे के दाम में इजाफा होने लगा है। सोमवार को बड़ा मुर्गा 80 रुपये और छोटा मुर्गा 95 रुपये किलो तक बिका। थोक में मुर्गे का दाम बढ़ने की वजह से चिकन का भाव 110 से 115 रुपये के बीच पहुंच गया है। 

मुर्गा व्यवसायियों का कहना है कि राजधानी में काफी वक्त से बर्ड फ्लू के किसी नए केस की पुष्टि नहीं हुई है। इस वजह से लोगों के मन से बर्ड फ्लू का डर खत्म हो रहा है और चिकन की मांग बढ़ रही है।

पिछले दिनों चिकन की कीमत

दिन                    मुर्गा                                         चिकन

14 फरवरी     75 से 90 रुपये किलो               100 से 110 रुपये किलो

13 फरवरी      75 से 85 रुपये किलो               95 से 105 रुपये किलो

12 फरवरी     70-80 रुपये किलो                    90 से 100 रुपये किलो

महंगा बिक रहा है छोटा मुर्गा

जनवरी के दूसरे सप्ताह में बर्ड फ्लू ने दिल्ली में दस्तक दे दी थी। जिसकी वजह से लोग डर गए थे। लोगों ने चिकन से दूरी बना ली थी। उसकी वजह से मुर्गे का कारोबार प्रभावित हुआ। मुर्गे का दाम 65 रुपये किलो तक गिर गया था। दाम में लगातार गिरावट की वजह से मुर्गा व्यवसायी मायूस होने लगे थे। इस कारोबार में करीब एक महीने तक चली सुस्ती अब खत्म होती दिख रही है। सोमवार को मुर्गे का दाम 80 से 95 रुपये किलो के बीच रहा। छोटा मुर्गा महंगा बिका, जिसका दाम 95 रुपये किलो तक रहा। बड़ा मुर्गा 80 रुपये किलो में बिका।

100 से 115 रुपये किलो तक पहुंचने की उम्मीद

गाजीपुर थोक मुर्गा मंडी कमीशन एजेंट एसोसिएशन के महासचिव मुहम्मद सलीम ने बताया कि मुर्गा कारोबार बहुत समय बाद पटरी पर लौटता दिख रहा है। चिकन की मांग बढ़ने की वजह से मुर्गों की बिक्री बढ़ रही है। लेकिन मुर्गा फार्म पर मुर्गों की पैदावार कम होने की वजह से आवक कम हो गई है। जहां सामान्य दिनों में 100-105 गाड़ियों में मुर्गे आ रहे थे। अब 90-95 गाड़ियां ही मुर्गे लेकर आ रही हैं। मांग ओर आपूर्ति के बीच का अंतर बढ़ने की वजह से मर्गे के दाम बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले सप्ताह में उम्मीद है कि मुर्गे का दाम पहले की तरह 100 से 115 रुपये किलो के बीच पहुंच जाए।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.