चांदनी चौक का सौंदर्यीकरण : वाहन रहित मुख्य मार्ग बना बेघरों और भिखारियों का ठिकाना
लाल जैन मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद तक की 1.3 किमी लंबी मोटर वाहन रहित सड़क पूरी तरह बनी भी नहीं है कि इस पर बेघरों और भिखारियों ने डेरा डाल लिया है। इसी तरह जगह-जगह रेहड़ी-पटरी वालों ने भी कब्जा जमा लिया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अतिक्रमण और गंदगी चांदनी चौक की चमक को धूमिल कर रही है। अभी लाल जैन मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद तक की 1.3 किमी लंबी मोटर वाहन रहित सड़क पूरी तरह बनी भी नहीं है कि इस पर बेघरों और भिखारियों ने डेरा डाल लिया है। इसी तरह जगह-जगह रेहड़ी-पटरी वालों ने भी कब्जा जमा लिया है। यही नहीं, बेधड़क दौड़ते अवैध रिक्शे और फर्राटा भरते दो पहिया वाहन पैदल चल रहे लोगों के लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं।
वर्तमान हाल देखकर पुनर्विकास परियोजना से चांदनी चौक को सुंदर बनाने का दिखाया सपना टूटने लगा है। इधर, नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। इससे यहां के फुटपाथ के साथ सेंट्रल वर्ज पर जगह-जगह कूड़े का ढेर भी इकट्ठा हो गया है। चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने बताया कि बजबजाते कूड़े को हटाने के लिए श्रमिकों से बातचीत की गई थी, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। इसलिए अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से आग्रह किया गया है।
हाल ही में हाई कोर्ट ने चांदनी चौक में लटकते तारों के साथ ही रेहड़ी-पटरी वालों के अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए सिविक एजेंसियों को फटकार भी लगाई है। कोर्ट ने अवैध रूप से चलते रिक्शे पर भी नगर निगम को लगाम लगाने को कहा है। तो भी उम्मीद कम है कि इस पर लगाम लग सकेगी। चांदनी चौक व्यापार परिषद के संरक्षक सुमन गुप्ता ने कहा कि चांदनी चौक में अव्यवस्था का आलम है। लगातार काम में लेटलतीफी हो रही है। जो वादे किए गए थे, वे पूरे नहीं हुए हैं। यह व्यापारिक जगह है, पर दुकानदारों को अब तक लोडिंग-अनलोडिंग के लिए स्थान चिन्हित नहीं किए गए हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो