यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बड़ी मुश्किल में सीएम अरविंद केजरीवाल, दफ्तर छोड़ भाग रहे हैं अधिकारी
सीएमओ सूत्रों के मुताबिक सीएम केजरीवाल ने अपने कार्यालय में काम करने के लिए करीब 10-12 अधिकारियों से संपर्क किया है।

नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ पुराने साथी बगावत पर उतर आए हैं तो वहीं, दूसरी तरफ अब अधिकारी भी दिल्ली सरकार के साथ काम करने को लेकर उत्सुक नजर नहीं आ रहे हैं।
सीएम केजरीवाल की परेशानी अब इस बात लोकर बढ़ गई है कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में कम से कम एक दर्जन वरिष्ठ अधिकारियों के काम करने से इन्कार कर दिया है। हालत यह है कि अब अरविंद केजरीवाल दिल्ली से बाहर के अधिकारियों को ला सकते हैं या अनुबंध पर निजी व्यक्तियों को नियुक्त कर सकते हैं।
सीएमओ सूत्रों के मुताबिक सीएम केजरीवाल ने अपने कार्यालय में काम करने के लिए करीब 10-12 अधिकारियों से संपर्क किया है, लेकिन उन्होंने पदभार संभालने से विनम्रता पूर्वक मना कर दिया। अधिकारियों को इस बात की आशंका है कि वे भी सीबीआइ के रडार पर आ सकते हैं, क्योंकि मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार और उप सचिव तरुण कुमार पर भ्रष्टाचार के एक मामले में कार्रवाई हुई है।
यह भी पढ़ें: कपिल ने बढ़ाई केजरीवाल की मुसीबत, 'आप' के 3 विधायकों के खिलाफ दर्ज कराई FIR
मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 'मुख्यमंत्री कार्यालय में अधिकारियों की कमी को देखते हुए करीब एक दर्जन नौकरशाहों से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कार्रवाई की आशंका जताते हुए इसे ठुकरा दिया।' मुख्यमंत्री कार्यालय के एक सूत्र में कहा, 'इस स्थिति में मुख्यमंत्री के पास दिल्ली से बाहर के अधिकारियों या अनुबंधित कर्मचारियों की सेवा लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।'
सूत्रों ने यह भी कहा कि सीएमओ में ओएसडी के पद पर तैनात भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी सुकेश जैन ने अपने मूल कैडर में वापस भेजने के लिए आवेदन दे दिया है जिसे मंजूरी मिलने की संभावना है। अतिरिक्त सचिव गीतिका शर्मा का तबादला कर दिया गया जबकि एक और अतिरिक्त सचिव दीपक विरमानी ने अध्ययन अवकाश के लिए आवेदन दिया है।