कैंसर ने तोड़ दिया हौसला, RML अस्पताल के बाथरूम में मरीज ने लगाई फांसी
डॉक्टरों ने कुछ और जांच करवाई तो कैंसर होने की जानकारी मिली। डॉक्टरों का कहना था कि कैंसर काफी फैल चुका है। लिहाजा इलाज बेहद मुश्किल है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में कैंसर का इलाज करा रहे 45 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह अस्पताल के बाथरूम में फंदे से शव लटका मिला। मृतक की पहचान बिहार के सिवान निवासी हरि राम के रूप में हुई है। वह कैंसर से पीड़ित थे। हरि राम अपनी बीमारी से परिजनों को दुखी देख काफी परेशान थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या की। अस्पताल प्रबंधन की सूचना के बाद नॉर्थ एवेन्यू थाना पुलिस शव परिजनों को सौंप मामले की जांच कर रही है।
पेट में पथरी की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, हरि राम को पेट में दर्द की शिकायत रहती थी। इसके इलाज के लिए वह मई में बिहार से दिल्ली आए थे। पहले वह अपने भाई के साले के घर गुरुग्राम में ठहरे थे। इलाज के दौरान उनके पेट में पथरी होने की जानकारी मिली थी। पथरी के ऑपरेशन के लिए उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे वार्ड संख्या-18 में बेड संख्या-28 पर दाखिल थे।
परेशान रहने लगे थे परिवार के लोग
संदेह होने पर डॉक्टरों ने कुछ और जांच करवाई तो कैंसर होने की जानकारी मिली। डॉक्टरों का कहना था कि कैंसर काफी फैल चुका है। लिहाजा इलाज बेहद मुश्किल है। बताया जाता है कि इस जानकारी के बाद उनका छोटा भाई और गांव में रह रहे परिवार के लोग खासे परेशान रहने लगे थे।
अवसाद में रहने लगे थे हरि राम
हरि राम का छोटे भाई बृहस्पतिवार की रात उनसे मिलकर गुरुग्राम लौट गया था। पुलिस के मुताबिक, हरि राम शुक्रवार की सुबह करीब 6.30 बजे बाथरूम गए थे। कुछ देर बाद जब एक अन्य मरीज बाथरूम में गया तो उसने देखा कि हरि राम ने चादर को फंदा बनाकर उससे फांसी लगा ली थी। मरीज ने इसकी सूचना अस्पताल के कर्मियों को दी। फिर पुलिस को सूचना दी गई। हरि राम के भाई ने बताया कि कैंसर का पता चलने पर वह अवसाद में रहने लगे थे।
यह भी पढ़ें: बाबा हरदेव की बेटी का सनसनीखेज आरोप, पति ने की हजारों करोड़ की ठगी