दिल्ली सरकार के कामकाज की निगरानी करेगी भाजपा की शैडो कैबिनेट
शैडो कैबिनेट में भाजपा के तकरीबन सभी 9 विधायकों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए भाजपा ने विधायकों से राय भी मांगी है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार के कामकाज की निगरानी और जनहित के मुद्दों पर कार्य कराने के लिए जल्द ही भारतीय जनता पार्टी एक शैडो कैबिनेट का गठन करेगी। इस शैडो कैबिनेट में भाजपा के तकरीबन सभी 9 विधायकों को विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके लिए भाजपा ने विधायकों से राय भी मांगी है कि वह किस विभाग पर अध्ययन आधारित मुद्दों को जनता के सामने रख सकते हैं। विधायकों से मिली राय और उनके अध्ययन के आधार पर इन विधायकों को विभागों की जिम्मेदारी दे दी जाएगी। इस बाबत दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि विपक्ष की जिम्मेदारी सत्ता में बैठी सत्तासीन सरकार के कामकाज की निगरानी करना होता है। साथ ही विपक्ष का दायित्व है कि वह सत्तापक्ष को उन कार्यों के लिए मजबूर करें तो जनता के हित में हो। इसको देखते हुए हमने शैडो कैबिनेट बनाने का निर्णय लिया है। इस कैबिनेट में सात विधायकों को अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में आम आदमी पार्टी (aap aadmi Party) को 70 में 62 सीटों पर जीत मिली थी, वहीं भाजपा के आठ उम्मीदवार ही जीतकर आए थे। इसमें से बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। वह लगातार दिल्ली विधानसभा में दिल्ली से जुड़े मुद्दों को उठाते भी रहे हैं।
स्थायी शुल्क वापस लेने के लिए बनाया जाएगा दबाव
दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के मुखिया आदेश गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने बिजली कंपनियों के माध्यम से लॉकडाउन के बावजूद व्यापारियों से स्थायी शुल्क वसूला है। जबकि व्यापारी लॉकडाउन के दौरान अपनी दुकान में आया ही नहीं। ऐसे में इसे वापस लिया जाना चाहिए। शैडो कैबिनेट ऐसे मुद्दों को लेकर कार्य करेगी ।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो