यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सतेंद्र जैन की गिरफ्तारी और मनीष सिसोदिया के घर CBI की रेड के बाद आक्रामक होगी BJP, प्लान तैयार
Delhi Politics भारतीय जनता पार्टी ने भ्रष्टाचार को लेकर दिल्ली सरकार (Delhi Government) को घेरनी की रणनीति तैयार कर ली ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। बारिश के इस मौसम में उमस भरी गर्मी के साथ राजधानी का राजनीतिक पारा भी बढ़ रहा है। भाजपा दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है। सत्येंद्र जैन की ईडी द्वारा गिरफ्तारी और नई आबकारी नीति में अनियमितता की जांच उपराज्यपाल द्वारा सीबीआइ को सौंपे जाने के बाद भाजपा नेता आम आदमी पार्टी के खिलाफ ज्यादा मुखर हुए हैं।
कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतारने की तैयारी
कार्यकर्ता सड़क पर उतर रहे हैं, लेकिन इस बीच हर घर तिरंगा अभियान की वजह से विरोध-प्रदर्शन बंद हो गया था। अब फिर से कार्यकर्ताओं को सड़क पर उतारने की तैयारी हो रही है। इस बार रणनीति में बदलाव किया गया है। अब प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन के साथ प्रत्येक विधानसभा में प्रदर्शन व जनता के बीच जाने का फैसला किया है। इसकी शुरुआत उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज से होगी।
दिल्ली सरकार के खिलाफ आक्रामक होने का मिला था निर्देश
पिछले माह वृंदावन में आयोजित प्रदेश भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में दिल्ली के नेताओं को केंद्र की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही आप और दिल्ली सरकार के खिलाफ आक्रामक होने का निर्देश दिया गया था। उन्हें जनता के बीच में जाकर भ्रष्टाचार व अन्य आरोपों पर उनसे बात करने की सलाह दी गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस दिशा में काम शुरू हो गया है।
इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी भाजपा
इसी रणनीति के तहत पार्टी प्रत्येक दिन अलग-अलग मुद्दों पर दो प्रेस वार्ता कर सरकार को कठघरे में खड़ा करेगी। अगले सप्ताह से पार्टी जनता के बीच भी पहुंचेगी।
नई आबकारी नीति में अनियमितता के आरोप, सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) बस खरीद में अनियमितता के आरोप, डीटीसी व दिल्ली जल बोर्ड के घाटे में जाने, बिजली वितरण कंपनियों को गलत तरीके से लाभ पहुंचाने के आरोप के साथ ही मुस्लिम तुष्टिकरण व अवैध घुसपैठ मुख्य मुद्दा होगा। साथ ही प्रत्येक विधानसभा में वहां के विधायक व अन्य आप नेताओं के खिलाफ मामले उठाए जाएंगे।
मंडल अध्यक्षों को सौंपी जा रही अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी
अलग-अलग मुद्दों पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन, रैली व अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। विधानसभा स्तर पर इसके लिए पत्रक तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही पोस्टर व होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। प्रत्येक मंडल अध्यक्ष को इस अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
मनीष सिसोदिया के इस्तीफे के लिए बनाया जाएगा दबाव
भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी शुरू से नई आबकारी नीति में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रही है। अब जांच सीबीआइ को सौंप दी गई है इसलिए आबकारी विभाग संभालने वाले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के इस्तीफे के लिए दबाव बनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखकर उनके विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का यह अभियान शुरू होगा।
