यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महंगी थाली पर भाजपा का वार, कहा- सामने आ गया 'आप' का असली चेहरा
भाजपा नेता ने कहा कि केजरीवाल सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर पिछले वर्ष मनाए गए दो दिवसीय जश्न की जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर मेहमानों को परोसी गई महंगी थाली पर सियासत तेज हो गई है।
नगर निगम चुनाव से पहले हाथ लगे इस मामले को भाजपा चुनावी मुद्दा बनाने में जुट गई है। नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री से इस मामले की न्यायिक जांच कराने और भोज का खर्च आम आदमी पार्टी (आप) से वसूलने की मांग की है।
गुप्ता ने कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और वित्त सचिव ने जानबूझकर दो महीने तक फाइल को दबाए रखा ताकि यह घोटाला सामने न आ सके।
उन्होंने कहा कि सिसोदिया इस मामले की जांच कराने की बात कहकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्हें लोगो को बताना चाहिए कि उन्होंने कब और किस अधिकारी से जांच कराई है।
सच्चाई यह है कि जांच कराने के बजाय भोज की सेवा देने वाले पांच सितारा होटल से डिस्काउंट की मांग की गई थी। इसके लिए विभाग ने पत्र भी लिखा था। अब भाजपा द्वारा घोटाला उजागर करने के बाद घबराई और बौखलाई दिल्ली सरकार जनता को गुमराह कर रही है।
मुख्यमंत्री और उनके साथियों ने ऐसा क्या भोजन किया था जिसमें एक थाली की कीमत ₹16,000 रुपये थी? जनता को जबाब चाहिए : @Gupta_vijender pic.twitter.com/HRniICOeYp
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) April 9, 2017
यह भी पढ़ें: MCD चुनाव: भाजपा के खिलाफ आप ने छेड़ा पोस्टर अभियान
भाजपा नेता ने कहा कि केजरीवाल सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर पिछले वर्ष मनाए गए दो दिवसीय जश्न की जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने और शासन में पारदर्शिता लाने का वादा कर सत्ता में आने वाली 'आप' का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।
पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान 'आप' पांच रुपये में जनता को भोजन देने का वादा कर रही थी। वहीं, इस पार्टी के मुख्यमंत्री दिल्ली में जनता द्वारा चुकाए गए कर से मेहमानों को 16 हजार रुपये की थाली परोसते हैं। यह आम जनता के साथ विश्र्वासघात है। मुख्यमंत्री आवास पर संपन्न हुए भोज मे सारें वित्तीय नियमों का खुला उल्लंघन किया गया है।
