शास्त्री पार्क फ्लाईओवर बनने पर मानव श्रृंखला बनाकर एलजी का धन्यवाद करेंगे मनोज तिवारी
सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि उन्होंने शास्त्री पार्क को जाम मुक्त बनाने के लिए बहुत प्रयास किया है फ्लाईओवर बनाए जाने के लिए अनशन किया था। इसके बाद उपराज्यपाल ने फ्लाईओवर बनाए जाने का आश्वासन दिया था।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा शास्त्री पार्क व सीलमपुर में बने दो नए फ्लाईओवर का उद्धाटन नवरात्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया था। इसके बाद सोमवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शास्त्री पार्क चौक पर मानव श्रृंखला बनाकर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल का धन्यवाद करेंगे।
सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि उन्होंने शास्त्री पार्क को जाम मुक्त बनाने के लिए बहुत प्रयास किया है, फ्लाईओवर बनाए जाने के लिए अनशन किया था। इसके बाद उपराज्यपाल ने फ्लाईओवर बनाए जाने का आश्वासन दिया था। इसलिए वह और भाजपा के कार्यकर्ता मानव श्रृंखला बनाकर धन्यवाद करेंगे।
शास्त्री पार्क चौक हुआ सिग्नल फ्री
शास्त्री पार्क चौक को रविवार से सिग्नल फ्री कर दिया है। पीडब्ल्यूडी ने चौक पर डिवाइडर लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। अब वाहन चालकों को दांय मुड़ने के लिए शास्त्री पार्क फ्लाईओवर में बने लूप का ही इस्तेमाल करना पड़ेगा इसके साथ ही शास्त्री पार्क चौक जाम मुक्त हो गया है। नवरात्र में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फ्लाईओवर व लूप का उद्धाटन किया था।
उस्मानपुर से कश्मीरी गेट की ओर जाने वाले वाहन चालक अब चौक से दांय मुड़ने के बजाय थाेड़ा आगे चलकर शास्त्री पार्क में बने लूप पर चढ़कर फ्लाईओवर से होते हुए जाएंगे। जबकि गांधी नगर से सीलमपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक दांय मुड़ने के बजाए यमुना खादर में बने लूप पर चढ़कर फ्लाईओवर से होते हुए जाएंगे। लूप के उद्धाटन के बाद चौक को डिवाइडर लगाकर बंद नहीं किया गया था, जिस कारण वाहन चालक लूप का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। चौक को सिग्नल फ्री करते हुए पीडब्ल्यूडी ने शनिवार देर रात चौक पर डिवाइडर लगाए और रविवार से लूप पर सरपट वाहन दौड़ने लगे।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो