Bihar Election 2020: भाजपा का चुनावी प्लान, पूर्वांचल के वोटरों को दिल्ली से ही साधने की चल रही तैयारी
भाजपा नेताओं का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से लाखों की संख्या में लोग वापस अपने घर लौटे हैं। ये लोग वहां के चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकते हैं। इसे ध्यान में रखकर उनसे संपर्क किया जा रहा है।
नई दिल्ली, संतोष कुमार सिंह। बिहार विधानसभा चुनाव से यहां के नेताओं की भी धड़कन बढ़ी हुई है। पार्टियों के कार्यालय से लेकर कार्यक्रमों में भी वहां की चुनावी स्थिति पर चर्चा आम बात है। हर जगह नेता अपनी पार्टी की स्थिति का आंकलन करते हुए मिल जाते हैं। भाजपा नेता चर्चा के साथ ही चुनाव परिणाम को अपने पक्ष में लाने की कवायद भी कर रहे हैं। यहां के कई भाजपा नेता बिहार में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए पसीना बहा रहे हैं। इसके साथ ही यहां रहकर भी कई नेता मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार को वोट देने की अपील की जा रही है।
दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं। यहां की सियासत में भी पूरब के लोगों की भूमिका बढ़ रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी बिहार से संबंधित हैं इसलिए वहां के चुनाव प्रचार में इनकी सक्रियता भी खूब है। उन्हें स्टार प्रचारक बनाया गया है। इनके साथ ही दिल्ली के पूर्व विधायक पवन शर्मा व पूर्व प्रदेश महामंत्री आशीष सूद सहित कई नेता भी वहां चुनावी रणनीति बनाने में लगे हुए हैं। इसी तरह से दिल्ली के कई भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को यहीं से चुनाव प्रचार में योगदान करने को कहा गया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि लॉकडाउन की वजह से लाखों की संख्या में लोग वापस अपने घर लौटे हैं। ये लोग वहां के चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकते हैं। इसे ध्यान में रखकर उनसे संपर्क किया जा रहा है। इसी तरह से वर्षों से राजधानी में रह रहे भाजपा कार्यकर्ता भी अपने परिवार व रिश्तादारों से संपर्क कर रहे हैं।
उन्हें अपने रिश्तेदारों को राजग के पक्ष में खड़ा करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए वह उन्हें फोन करके नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां बता रहे हैं। पूर्वांचल के विकास के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देने के साथ ही पूर्वांचल से संबंधित भाजपा कार्यकर्ता अपनों से राजग के समर्थन की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही फेसबुक, वाट्सएप आदि के माध्यम से भी सरकार की उपलब्धियों से संबंधित मैसेज, वीडियो भेजे जा रहे हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो