झगड़े की कॉल पर गए पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनने की कोशिश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बंदना ने केएन काटजू थाने फोन कर कहा कि उनके माता पिता से कुछ पड़ोसी झगड़ा कर रहे हैं। इसपर पुनीत मौके पर पहुंच कर सभी को समझाने लगे। इस दाैरान कुछ लोगाें ने घेर लिया और सर्विस पिस्टल को छीनने की कोशिश करने लगे।
नई दिल्ली, धनंजय। रोहिणी इलाके में झगड़े की कॉल पर गए एक पुलिसकर्मी को कई लोगों ने घेर लिया और मारपीट करने लगे।आरोपितों ने पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल को छीनने की कोशिश भी की।ऐसे में बचाव में पुलिसकर्मी को फायरिंग करना पड़ा। जिससे एक महिला घायल हो गई। पुलिसकर्मी ने वहां से निकल कर थाना पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं फायरिंग में घायल हुई महिला खतरे से बाहर है।
बचाव में पुलिसकर्मी ने चलाई गोली, महिला घायल
73 वर्षीय अमर विहारी सक्सेना अपनी पत्नी 70 वर्षीय मनोरमा सक्सेना के साथ सेक्टर-16 में रहते हैं।उनकी बेटी बंदना उनके घर से कुछ दूर पर रहती हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को बंदना ने केएन काटजू थाने के कांस्टेबल पुनीत शर्मा को फोन कर कहा कि उनके माता पिता से कुछ पड़ोसी झगड़ा कर रहे हैं। इसपर पुनीत मौके पर पहुंच कर सभी को समझाने लगे। इस दाैरान कुछ लोगाें ने पुनीत को घेर लिया और थप्पड़ मार कर उनकी सर्विस पिस्टल को छीनने की कोशिश करने लगे। काफी देर तक विवाद बढ़ता देख पुनीत ने मजबूरन पिस्टल से जमीन पर चार राउंड फायरिंग किए। जिसमें एक महिला के पैर की उंगली में गोली का छर्रा लग गया। पुलिस के अनुसार महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां पर प्रारंभिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।
पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग दंपती भूतल पर रहते हैं।ऊपरी मंजिल पर रहने वाले अपने वाहनों को दंपती के घर के दरवाजे पर पार्क किया हुआ था।जिससे दंपती के आने जाने का रास्ता बंद हो गया था।इसको लेकर कई बार दंपती की बेटी ने पुलिस से शिकायत किया था। आरोपितों को वाहन नहीं पार्क करने को लेकर पुलिस बीट अधिकारी की ओर से समझाया गया था।बुधवार को भी दंपती की बेटी की शिकायत पर पुनीत वहां पर गए थे।
बुजुर्ग दंपती के घर के सामने गाड़ियां पार्क करने को लेकर हुआ था विवाद
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी के साथ कई लोगों ने मारपीट किया।उनकी सर्विस पिस्टल छीनने की कोशिश की गई। पुलिसकर्मी का मेडिकल कराया गया है, जिसमें शराब पीने की बात सामने नहीं आई है। पुलिसकर्मी ने अपने बचाव में फायरिंग किया था। इसमें घायल हुई महिला अब खतरे से बाहर है। घटना के वीडियो की जांच कर आरोपितों की पहचान की जा रही है।
पीके मिश्रा, पुलिस उपायुक्त रोहिणी
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो