Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'पांच फरवरी को आप-दा से मिलेगी दिल्ली को मुक्ति', झुग्गी बस्ती सम्मेलन में शाह ने AAP पर साधा निशाना

    Updated: Sat, 11 Jan 2025 05:45 PM (IST)

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली भाजपा ने झुग्गी बस्ती अभियान के माध्यम से पूरे देश में एक संदेश दिया है। दिल्ली के नेता व कार्यकर्ता झुग्गियों में जाकर लोगों का दुख दर्द सुनकर नड्डा जी और प्रधानमंत्री को दिया है। उसका समाधान भाजपा के संकल्प पत्र में होगा। भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी होती है। हम वही कहते हैं जो कर सकते हैं।

    Hero Image
    अमित शाह ने शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन को संबोधित किया।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने भरी सभा में कहा कि यह मोदी गारंटी है कि एक-एक झुग्गी वालों को पक्का मकान देने का काम भाजपा करेगी। हमने यह करके दिखाया है, हमने गरीब कल्याण के सारे काम 10 साल में धरातल पर किए हैं।" 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा, "हमने साढ़े तीन करोड़ गरीबों को घर दिया। 10 करोड़ से ज्यादा गरीबों को गैस का सिलेंडर दिया। 6 लाख गांव में 2 करोड़ 62 लाख घरों में बिजली दी। 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए लेकिन उन्होंने गरीबों के घर से महंगा शौचालय अपने शीशमहल में खुद के लिए बनाया।"

    बीजेपी ने झुग्गिवासियों की समस्याओं की एक सूची बनाई: शाह

    अमित शाह ने कहा, "भाजपा ने झुग्गीवासियों के दर्द, असुविधा और झूठे वादों के खिलाफ गुस्से को देखा है। हमने आपकी सभी समस्याओं की एक सूची बनाई है और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा तैयार हमारा घोषणापत्र आपको आपकी सभी समस्याओं से राहत दिलाएगा। बीजेपी का घोषणापत्र प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है। हम जो कहते हैं वो करते हैं।"

    5 फरवरी को आपदा से मिलेगी दिल्ली को मुक्ति: अमित शाह

    गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली भाजपा ने झुग्गी बस्ती अभियान के माध्यम से पूरे देश में एक संदेश दिया है। दिल्ली के नेता और कार्यकर्ता झुग्गियों में जाकर लोगों का दुख-दर्द सुनकर नड्डा जी और प्रधानमंत्री को रिपोर्ट दिया है। उसका समाधान भाजपा के संकल्प पत्र में होगा। भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी होती है। हम वही कहते हैं, जो कर सकते हैं। आपदा की तरह झूठी घोषणा और वादा नहीं करते हैं। पांच फरवरी को आपदा से दिल्ली को मुक्ति मिलेगी। भ्रष्टाचार से मुक्ति देने का वादा कर सत्ता में आए थे, लेकिन देश में रिकॉर्ड भ्रष्टाचार किए।

    केजरीवाल आप के लिए बन गए आपदा: शाह

    शाह ने कहा कि केजरीवाल आप के लिए आपदा बन गए हैं। जहां जहां केजरीवाल और सिसोदिया जाते हैं, उन्हें शराब की बोतल दिखती है। पांच फरवरी को भ्रष्टाचारी और झूठ बोलने वालों से मुक्ति चाहिए। 10 वर्षों में यह सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। कोई विकास नहीं किया। देश कहां से कहां पहुंच गया, लेकिन दिल्ली पिछड़ गई। आपदा वालों ने दिल्ली को नर्क बना दिया। इन्होंने यमुना, अन्ना, दिल्ली और पंजाब को धोखा दिया। पंजाब के लोग दिल्ली आकर बोल रहे हैं कि इनपर भरोसा नहीं करना।

    आप भ्रष्टाचार में नंबर वन: अमित शाह

    अमित शाह ने कहा, "केजरीवाल झूठ भी बोलते हैं, लोगों के लिए संवेदना नहीं है और भ्रष्टाचार में नंबर वन हैं। झुग्गी बस्तियों में जाने वालों ने बताया कि यमुना में झाग, नलों में गंदा पानी, टैंकर से पानी खरीद कर पी रहे हैं, प्रदूषण, बच्चे सबसे अधिक दिल्ली में फेल हो रहे हैं। यदि केजरीवाल इन समस्याओं का समाधान नहीं कर सकते तो सत्ता छोड़ दें, लेकिन यह सत्ता नहीं छोड़ेंगे। जेल जाकर भी मुख्यमंत्री बने रहने वाले पहले व्यक्ति हैं। इन्हें सत्ता छुड़ानी होगी। केजरीवाल ने गर्भवती महिलाओं को मोदी सरकार से  मिलने वाले छह हजार रुपए नहीं मिलने दिया।"

    केजरीवाल बोलते थे कि अयोध्या में मंदिर नहीं बनना चाहिए: शाह

    शाह ने कहा कि केजरीवाल बोलते थे कि अयोध्या में मंदिर नहीं शौचालय बनना चाहिए। भाजपा ने मंदिर भी बनवाया और शौचालय भी।  धारा 370 हटाने पर केजरीवाल बोले कि इससे क्या होगा? अमित शाह ने कहा कि लोगों को घर मोदी की गारंटी है कि एक एक झुग्गी वालों को पक्का मकान भाजपा की सरकार देगी। भाजपा जनकल्याण के लिए काम करती है। भाजपा जनकल्याण का काम करती है। गरीबों को मुफ्त इलाज, उनके लिए घर, शौचालय बनवाए, गैस कनेक्शन दिए। केजरीवाल गरीबों के लिए शौचालय नहीं अपना शीश महल बना लिया।

    कोई भी जनकल्याणकारी योजना बंद नहीं होगी: अमित शाह

    गृह मंत्री ने कहा, "मोदी को श्रेय न मिले इसके लिए केजरीवाल आयुष्मान योजना लागू नहीं कर रहे हैं। केजरीवाल सूर्य की किरण से कब तक भागेंगे। मोदी लोगों को निश्शुल्क राशन दे रहे हैं। यदि केजरीवाल नहीं होते तो अब तक सभी झुग्गीवालों को पक्का मकान मिल जाता। यह झूठ बोल रहे हैं कि भाजपा गरीबों के कल्याण की योजनाएं बंद कर देगी। मोदी गारंटी दे चुके हैं मैं भी बोल कर जा रहा कोई भी जनकल्याणकारी योजना बंद नहीं होगी। भाजपा जनकल्याण की योजना बंद नहीं शुरू करती है।"

    यह भी पढ़ें- 'अगले 1-2 दिन में BJP के CM फेस का एलान, रमेश बिधूड़ी जी को बधाई', केजरीवाल का बड़ा दावा

    यह भी पढ़ें- दिल्ली चुनाव में बढ़ी केजरीवाल की ताकत, आम आदमी पार्टी को मिला 'हनुमान' का साथ