भारत पहुंच कर अफगान सिख निदान सिंह ने सुनाई दर्द भरी दास्ता, रोते हुए कहा आतंकी कहते थे धर्म बदलो
निदान सिंह का तालिबानियों ने अपहरण कर लिया था हालांकि बाद में कुछ समय पहले ही रिहा किया था। वह रविवार को अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे हैं। यहां उनका जोरदार स्वागत हुआ।
नई दिल्ली, एएनआइ। अफगान सिख निदान सिंह जिन्हें कुछ समय पहले किडनैप किया गया था और हाल में छोड़ा गया है, वह आज अपने परिवार के साथ दिल्ली पहुंचे। भारत पहुंचते ही उनके साथ उनके परिवार के चेहरे पर एक सुकून दिख रहा था।
तालिबानियों ने किया था अपहरण
बता दें कि निदान सिंह का तालिबानियों ने अपहरण कर लिया था हालांकि बाद में कुछ समय पहले ही रिहा किया था। निदान सहित 11 अफगानियों का ग्रुप एक विशेष विमान से दिल्ली आया है। इन सबको काबुल के जरिए विशेष विमान से भारत लाया गया है। यहां पहुंचते ही इन सबका काफी भव्य स्वागत किया गया।
आतंकियों ने बनाया था धर्म बदलने का दबाव
इधर दिल्ली पहुंच कर अफगान सिख निदान सिंह ने मार्मिक तरीके से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान को मां बोलूं, बाप बोलूं, क्या बोलूं, हिंदुस्तान तो हिंदुस्तान है। हिंदुस्तान में कोई कमी नहीं है। आतंकी मुझे कहते थे कि मुसलमान बनो, मैं कहता था "वाहेगुरू जी दा खालसा वाहेगुरू जी दी फतेह मैं अपना धर्म क्यों बदलूं"।
कौन हैं निदान सिंह
निदान सिंह एक अफगानी सिख हैं, जिन्हें भारत सरकार नागरिकता संशोधन कानून के तहत भारत देश की नागरिकता दी जाएगी। निदान जैसे कई लोग अफगान में तालिबानियों का अत्याचार सह रह रहे हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए भी भारत सरकार सीएए लेकर आई है। इसी कड़ी में और भी लोग हैं जिन्हें यहां की नागरिकता मिलेगी।
प्रताड़ना से परेशान हैं लोग
बता दें कि अफगानिस्तान में हिंदुओं को अक्सर प्रताड़ित किया जाता है। हाल में ही मार्च के महीने में यहां रह रहे हिंदुओं और सिखों पर हमला हुआ था। इसके बाद काबुल में एक सिख मंदिर के पास रहने वाले करीब 63 वर्षीय लाला शेर सिंह ने बताया था कि हमले के बाद से हमारा समुदाय बहुत डरा हुआ है। ऐसी आशंका भी जताई गई कि कहीं उनके ऊपर फिर से हमला न हो जाए। ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि कहीं अगला हमला उन लोगों को टारगेट करके न किया जाए जिसमें बाकी बचे लोग भी मारे जाएं।
दिल्ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
वेबिनार में फिल्म एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने कहा- अपने अंदर भरोसा रखते हुए सफलता हासिल करें