AAP विधायक आतिशी ने कहा- भाजपा ने तीनों नगर निगमों को भगवान भरोसे छोड़ा
आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी जानना चाहती है कि बिना महापौर और आयुक्त के तीनों नगर निगम में नया बजट और नए टैक्स कौन लगा रहा है? अगर सभी आयुक्त छुट्टी पर थे तो भाजपा ने वैकल्पिक अधिकारी की नियुक्ति क्यों नहीं की?
नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी और दिल्ली नगर निगम में पिछले कई सालों से काबिज भारतीय जनता पार्टी के बीच जंग छिड़ी हुई है। तीनों निगमों की बदहाली के लिए दोनों ही पार्टियों एक दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी ने तीनों नगर निगमों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। पिछले 15 दिनों इनमें से एक भी आयुक्त ड्यूटी पर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ नगर निगम के महापौर सड़क पर बैठकर राजनीति कर रहे हैं और दूसरी तरफ तीनों नगर निगम के दोनों आयुक्त छुट्टी पर हैं, ऐसे में एमसीडी कौन चला रहा है? उन्होंने कहा कि क्या भाजपा ने मान लिया है कि विधानसभा चुनाव की तरह ही निगम चुनाव में भी उनकी बुरी तरह से हार होने वाली है?
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जानना चाहती है कि बिना महापौर और आयुक्त के तीनों नगर निगम में नया बजट और नए टैक्स कौन लगा रहा है? अगर सभी आयुक्त छुट्टी पर थे, तो भाजपा ने वैकल्पिक अधिकारी की नियुक्ति क्यों नहीं की?
आतिशी ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास और रोजमर्रा के कामों में उस राज्य के नगर निगम बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। इसी प्रकार से दिल्ली में भी नगर निगम हैं और दिल्ली म्युनिसिपल एक्ट 1957 के तहत दिल्ली नगर निगम को बहुत सारी जिम्मेदारियां दी गई थीं। इन जिम्मेदारियों में कुछ ऐसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी हैं, जिसके बिना हमारा रोजमर्रा का काम रुक जाता है, जैसे कि दिल्ली की साफ सफाई का काम, दिल्ली के प्राथमिक स्कूलों को चलाने का काम, सड़कों पर लाइट लगवाने का काम और पार्कों के रखरखाव का काम आदि शामिल हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो