अरविंद केजरीवाल ने खेला बड़ा दांव, देश की राजनीति में इतिहास रचने जा रहे AAP नेता राघव चड्ढा
Raghav Chadha News पंजाब में ऐतिहिसिक जीत दिलाने वाले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा का कद आने वाले समय में पार्टी में और बढ़ेगा। माना जा रहा है कि बतौर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा अपनी बात जोरदार ढंग से रखेंगे।

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। राघव चड्ढा को राज्यसभा चुनाव में पंजाब से उम्मीदवार बनाकर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने राजनीति पंडितों को भी चौंका दिया। इस ऐलान के चंद घंटों बाद ही राघव चड्ढा ने पंजाब से राज्यसभा प्रत्याशी के तौर पर सोमवार को नामांकन भी दाखिल कर दिया। वहीं, पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में 117 सीटों में 92 सीट हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी के सभी पांचों प्रत्याशियों (हरभजन सिंह, राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल और संजीव अरोड़ा) का राज्यसभा चुनाव जीतना तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राघव चड्डा ने पंजाब चुनाव 2022 जिताने में अहम भूमिका निभाई। ऐसे में राघव चड्ढा को इसे इनाम के तौर पर दिया गया है। राज्य सभा सदस्य चुने जाने के साथ ही वह उच्च सदन में सबसे युवा सदस्य होंगे और यह भी कहा जाता है कि राघव चड्ढा की बनाई रणनीति के जरिये ही आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। राघव चड्ढा के कहने पर ही भगवंत मान को पंजाब में सीएम प्रत्याशी घोषित किया गया और नतीजा यह हुआ कि पंजाब में AAP ने ऐतिहासिक जीत हासिल की।
सबसे कम उम्र के राज्यसभा सदस्य होंगे राघव चड्ढा
अरविंद केजरीवाल के करीबी नेताओं में शुमार राघव चड्डा राज्यसभा सदस्य चुने जाने के साथ ही एक नया इतिहास रचेंगे। ऐसा माना जाता है कि अमूमन राजनीतिक दल राज्यसभा सदस्य के लिए उन्हीं नेताओं को चुनाव लड़वाते हैं, जो बुजुर्ग होते हैं। वहीं, अरविंद केजरीवाल ने युवा राघव चड्डा पर दांव खेलकर परंपरा को ही तोड़ दिया। इस जीत के साथ ही राघव चड्डा सबसे कम उम्र के राज्यसभा सदस्य होंगे, लेकिन उत्तर भारत के। वजह यह है कि सबसे कम उम्र का राज्यसभा सांसद होने का रिकार्ड अनुभव मोहंती के नाम है। वह 33 साल से कम उम्र में राज्यसभा सांसद बने थे।
तोड़ेंगे मैरी काम और ऋताब्रत बनर्जी का रिकार्ड
राघव चड्ढा की उम्र 33 वर्ष बताई जा रही है, जबकि मैरी काम 34 वर्ष की उम्र में राज्यसभा सदस्य मनोनीत हुई थीं। वहीं, एक अन्य ऋताब्रत बनर्जी भी 34 वर्ष की ही उम्र में राज्यसभा भेजे गए थे। ऐसे में 33 वर्ष के साथ राघव चड्ढा सबसे कम उम्र के राज्यसभा सांसद बनेंगे। बड़ी बात यह है कि दोनों का मनोनयन हुआ था, जबकि राघव चड्ढा चुनाव लड़कर राज्यसभा सदस्य बनेंगे।
पेशे से चार्टर्ड एकाउंट भी हैं राघव
दिल्ली में 11 नवंबर 1988 को राघव चड्डा की प्रारंभिक और उच्च शिक्षा दिल्ली से हुई है। राघव चड्ढा ने दिल्ली के माडर्न स्कूल से शिक्षा हासिल की, इसी स्कूल से बालीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने भी पढ़ाई की है। इसके अलावा वह दिल्ली विश्विद्यालय से स्नातक भी हैं। पेशे से चार्टर्ड एकाउंट भी हैं। इसके अलावा, लंदन स्कूल आफ इकोनॉमिक्स से ईएमबीए सर्टिफिकेशन कोर्स भी किया है।
अरविंद केजरीवाल के करीबी और भरोसेमंद हैं राघव चड्डा
फिलहाल राजेंद्र नगर सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का बेहद करीबी माना जाता है। राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल ने बिना झिझक राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया। वह इकलौते राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं, जो नेशनल चैनलों पर आम आदमी पार्टी का जोरदार ढंग से पक्ष रखते हैं।
दक्षिण दिल्ली सीट से हार के बाद भी अरविंद केजरीवाल ने लगाया दांव
राघव चड्ढा 2019 के लोकसभा चुनाव में दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर लड़े। उनके मुकाबले कांग्रेस से बाक्सर से नेता बने बिजेंदर सिंह थे तो भाजपा से रमेश विधूड़ी। यहां पर भाजपा प्रत्याशी रमेश विधूड़ी को राघव चड्डा ने जोरदार टक्कर दी। आखिर में हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में अरविंद केजरीवाल ने सिटिंग विधायक का टिकट काटकर राघव चड्डा को मैदान में उतारा, नतीजा राघव चड्ढा ने बड़े अंतर से प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी को हराया। अरविंद केजरीवाल ने राघव चड्ढा को दिल्ली जल बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया।
राज्यसभा उम्मीदवार बनाने पर राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल को कहा 'थैंक्स'
राघव चड्डा ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा किया है। बतौर राज्यसभा उम्मीदवार पर्चा दाखिल करने के दौरान पंजाब में राघव चड्डा ने कहा कि वह राज्यसभा के भीतर सदन में भगवंत मान की कमी नहीं खलने देंगे।
मां के साथ राघव चड्डा दाखिल किया पर्चा
जागरण संवाददाता के अनुसार, सोमवार को अपनी मां के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे राघव चड्डा ने कहा- 'यह मेरे लिए बहुत बड़ा दिन हैं। मैं अपनी मां के साथ नामांकन दाख़िल करने आया हूं।' इस मौके पर राघव चड्ढा ने यह भी कहा कि AAP मुखिया अरविंद केजरीवाल जी ने मुझपर विश्वास दिखाया है कि इतनी छोटी उम्र में मुझे यहां भेजा गया। कोशिश करेंगे की मान साहब की कमी संसद में ना खले।
Disclaimer - शुरुआती सूचना के आधार पर बनी इस खबर में कुछ तथ्य सही नहीं थे। सही तथ्यों का पता चलने पर खबर में सुधार किया गया है।
DDA News 2022: दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 300 प्लाट से किसी को मिलेगा घर तो कोई पाएगा दुकान
ये भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव के बाद अखिलेश यादव को वेस्ट यूपी में लगा बड़ा झटका, केजरीवाल की पार्टी में शामिल हुए करीबी नेता
जानिये, अरविंद केजरीवाल के इस चाणक्य के बारे में, जिन्होंने साबित किया 'छत्तीस गढ़िया सबसे बढ़िया'
Pradeep Mehra : चंद घंटों के भीतर 50 लाख लोगों ने देखा प्रदीप मेहरा का दिल छू लेने वाला वीडियो
ये भी पढ़ें- जानिए किन वजहों से आफत में पड़ गई थी राकेश टिकैत की जान, ट्वीट कर दी जानकारी, पीएमओ से की ये मांग
ये भी पढ़ें- दिल्ली को जलभराव मुक्त करने के लिए सीएम अरविंद केजरीवाल बेहद गंभीर, जानिए क्या बना रहे रणनीति
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।