किताबों की खराब छपाई पर NCERT सख्त, प्रिंटिंग प्रेसों को दी चेतावनी; घटिया काम पर रद होंगे ठेके
एनसीईआरटी ने पाठ्यपुस्तकों की खराब छपाई को लेकर मिली शिकायतों पर संज्ञान लिया है। परिषद ने अपने पैनल में शामिल प्रिंटिंग प्रेसों को खराब गुणवत्ता पर जुर्माना, ठेका रद करने और काली सूची में डालने की चेतावनी दी है।

NCERT ने खराब छपाई पर प्रिंटिंग प्रेसों काे दी चेतावनी। फोटो: सांकेतिक
नई दिल्ली, प्रेट्र। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने अपने पैनल में शामिल प्रिंटिंग प्रेसों को यह चेतावनी देते हुए कहा कि खराब छपाई वाली पाठ्यपुस्तकों और धुंधली सामग्री पर जुर्माना लगाया जा सकता है, ठेके रद किए जा सकते हैं और काली सूची में डाला जा सकता है।
यह चेतावनी स्कूलों की पाठ्यपुस्तकों की घटिया छपाई और धुंधले व अस्पष्ट पाठों को लेकर मिली शिकायतों के बाद दी गई है।
खराब छपाई पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एनसीईआरटी की ओर से जारी परामर्श में कहा गया, देश के विभिन्न हिस्सों से बाजार में उपलब्ध एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों और अन्य प्रकाशनों की खराब और घटिया छपाई को लेकर परिषद को कई शिकायतें मिली हैं।
ये शिकायतें छपाई की निम्न गुणवत्ता से जुड़ी हैं, जिसका एनसीईआरटी के प्रकाशनों की समग्र गुणवत्ता और स्वीकार्यता पर प्रतिकूल असर पड़ता है और परिषद की प्रतिष्ठा तथा विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचता है।
परिषद ने अपने पैनल में शामिल प्रिंटिंग प्रेसों को छपाई और पुस्तक उत्पादन की प्रक्रिया के हर चरण में पूरी सावधानी, सतर्कता और गुणवत्ता नियंत्रण बरतने की सलाह दी।
विद्यार्थियों को स्पष्ट पाठ्यपुस्तकें देने का भरोसा
परिषद ने एक्स पर पोस्ट में कहा, एनसीईआरटी ने छपाई की गुणवत्ता से जुड़ी चिंता पर संज्ञान लिया है। जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी मुद्रक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एनसीईआरटी हर बच्चे को स्पष्ट, पढ़ने योग्य और विद्यार्थियों के अनुकूल पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
परिषद की यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के वकील विनीत जिंदल की ओर से कक्षा 10 की पाठ्यपुस्तकों में छपाई की खामियों को उजागर किए जाने के बाद हुई है।
जिंदल ने पोस्ट में कहा था, मेरा बेटा कक्षा 10 में पढ़ता है। उसकी एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तक देखने के बाद मैं छपाई की गुणवत्ता को लेकर बहुत चिंतित हूं।
यह भी पढ़ें- सैनिक फार्म में बैंक्वेट हॉल बुक कराने वालों को झटका, दिल्ली HC ने की सख्ती; सभी आयोजनों पर रोक