साइबर ठगों के निशाने पर फाइनेंस कंपनियां, AI का सहारा लेकर उड़ाए 65 करोड़ रुपये
साइबर अपराधी अब आम लोगों के बजाय नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFC) को निशाना बना रहे हैं, दिल्ली-एनसीआर में तीन महीनों ...और पढ़ें

साइबर ठगों का नया निशाना NBFCs, AI टूल्स से 65 करोड़ की चपत ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
NBFCs अब साइबर ठगों के नए निशाने पर।
AI हैकिंग टूल्स से 65 करोड़ की ठगी।
दिल्ली पुलिस ने 20 ठगों को किया गिरफ्तार।
राकेश कुमार सिंह, नई दिल्ली। अब तक आम लोगों को ''डिजिटल अरेस्ट'' या फर्जी कॉल के जरिए ठगने वाले साइबर अपराधियों ने अपना पैंतरा बदल लिया है। ठगों के निशाने पर अब नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियां भी आ गई हैं।
पिछले महज तीन महीनों के भीतर दिल्ली-एनसीआर की 12 फाइनेंस कंपनियों के सॉफ्टवेयर में सेंध लगाकर हैकर्स ने 65 करोड़ रुपये से ज्यादा की चपत लगाई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हाई-टेक ठगी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) हैकिंग टूल्स का भी इस्तेमाल किया गया है।
दर्ज हुई 150 से ज्यादा शिकायत
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में दर्ज ये 12 एफआईआर देशभर में चल रहे एक बड़े साइबर सिंडिकेट का हिस्सा हैं। इसी अवधि में पूरे देश की अलग-अलग एनबीएफसी से ठगी की 150 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें कुल 300 करोड़ रुपये से अधिक की रकम उड़ाई गई है।
दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट आइएफएसओ ने एनसीआर के इन 12 मामलों में 20 ठगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आउन ''म्यूल अकाउंट्स'' को बनाने और मुहैया कराने में शामिल हैं, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।
यह था ठगी का नया पैटर्न
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 65 करोड़ में से 18 करोड़ रुपये की रकम को कैश निकालने या क्रिप्टोकरेंसी में बदलने से पहले ही ट्रैक कर फ्रीज कर दिया है।
पुलिस जांच में ठगी का एक बिल्कुल नया पैटर्न सामने आया है। इसमें ठग ग्राहकों को फोन करने के बजाय सीधे फाइनेंस कंपनियों के सिस्टम को हैक करते हैं। कई छोटी फाइनेंस कंपनियों के एप या वेबसाइट के कोडिंग सिस्टम में तकनीकी खामियां होती हैं। हैकर्स मैलवेयर के जरिए इनके फ्रंट-एंड में घुसपैठ करते हैं।
यह मैलवेयर 7 से 8 दिनों तक सिस्टम में छिपा रहता है और उन लोन की जानकारी जुटाता है, जो मंजूर तो हो चुके हैं, लेकिन ग्राहकों के खाते में भेजे नहीं गए हैं।
कंपनियां अपनी वेबसाइट चलाने के लिए क्लाउड प्लेटफॉर्म के डेटा सेंटर का इस्तेमाल करती हैं। सुरक्षा के लिहाज से कंपनियों का फायरवाल इन क्लाउड सर्वर के आइपी एड्रेस को ''व्हाइटलिस्ट'' रखता है, चूंकि ये क्लाउड सेवाएं आम लोगों के लिए भी उपलब्ध हैं, इसलिए ठग भी इन्हीं क्लाउड सर्वर पर अपना अकाउंट बना लेते हैं।
जांच में सामने आई ये सच्चाई
क्लाउड सर्वर से मिले भरोसेमंद आईपी एड्रेस के जरिए ठग कंपनी के सिस्टम को लोन जारी करने का फर्जी कमांड भेजते हैं। फायरवाल इसे कंपनी का ही रूटीन अनुरोध समझकर मंजूरी दे देता है। ठग असली ग्राहक के बैंक खाते की जगह अपना ''म्यूल अकाउंट'' नंबर डाल देते हैं और पैसा सीधा उनके खाते में चला जाता है।
अक्टूबर में सामने आए एक मामले में एक कंपनी से तीन करोड़ रुपये की ठगी हुई थी। जांच में पता चला कि इसके लिए ''साइबर स्टाइक एआइ'' नाम के एक चाइनीज एआई प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया था, जो बेहद तेजी से और एक साथ सैकड़ों कमांड स्क्रिप्ट भेजने में सक्षम है।
पुलिस के अनुसार, कई छोटी फाइनेंस कंपनियां साप्ताहिक या पाक्षिक आधार पर अपने खातों और लोन का मिलान करती हैं। इस वजह से उन्हें हफ्तों बाद पता चलता है कि ग्राहक को लोन का पैसा मिला ही नहीं है। तब तक ठग रकम को कई खातों में घुमा चुके होते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।