विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी दिल्ली को जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति, अंतिम चरण में नवादा मेट्रो स्टेशन के पास सीवर लाइन से जुड़ा काम

Published: Fri, 04 Sep 2026 07:00 AM (IST)

नवादा मेट्रो स्टेशन के पास धंसी सीवर लाइन की मरम्मत का काम अंतिम चरण में है, जिससे नजफगढ़-उत्तम नगर सड़क ...और पढ़ें

नवादा मेट्रो सड़क जल्द खुलेगी, पश्चिमी दिल्ली को मिलेगी जाम से मुक्ति।

नवादा मेट्रो सड़क जल्द खुलेगी, पश्चिमी दिल्ली को मिलेगी जाम से मुक्ति।

HighLights

  1. नवादा मेट्रो के पास सीवर मरम्मत कार्य अंतिम चरण में।

  2. नजफगढ़-उत्तम नगर सड़क 15 दिनों में खुलने की उम्मीद।

  3. डेढ़ महीने के जाम से लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। नजफगढ़-उत्तम नगर मुख्य सड़क का इस्तेमाल करने वाले लाखों लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे धंसी सीवर लाइन को ठीक करने का मरम्मत कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इस सड़क को जल्द ही आम यातायात के लिए पूरी तरह खोलने की उम्मीद जताई जा रही है। उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पवन शर्मा का कहना है कि आगामी 15 दिनों के भीतर इस सड़क को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

20 मई से बंद पड़ी इस बेहद महत्वपूर्ण सड़क पर दिल्ली जल बोर्ड द्वारा डीप सीवर लाइन से जुड़ा मुख्य कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में खोदे गए हिस्से को मिट्टी से भरकर समतल किया जा रहा है, जिसके बाद सड़क निर्माण (पक्की सड़क बनाने) का अंतिम कार्य तेजी से जारी है।

डीप सीवर का काम पूरा, अब सड़क बनाने की प्रक्रिया जारी

नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे धंसी सीवर लाइन की मरम्मत के लिए जल बोर्ड द्वारा ट्रेंचलेस टेक्नोलाजी का इस्तेमाल किया गया था। जहां पहले गहरा गड्ढा खोदा गया था, अब वहां अधिकांश सीवर संबंधी कार्य समाप्त हो चुका है। फिलहाल केवल एक बेहद छोटे हिस्से में अंतिम फिनिशिंग का काम बचा है। मिट्टी भराई के बाद रोलर चलाकर ज़मीन को समतल किया जा रहा है ताकि जल बोर्ड जल्द से जल्द सड़क निर्माण का काम पूरा कर इसे ट्रैफिक के लिए सौंप सके।

डेढ़ महीने की परेशानी के बाद मिलेगी बड़ी राहत

नजफगढ़-उत्तम नगर मार्ग को पूरे पश्चिमी दिल्ली इलाके की लाइफलाइन माना जाता है। यह सड़क नजफगढ़ क्षेत्र के दर्जनों गांवों और अर्ध-शहरी आबादी को दिल्ली के मुख्य शहरी व व्यावसायिक क्षेत्रों से जोड़ती है। मरम्मत कार्य के चलते पिछले डेढ़ महीने से लाखों दैनिक यात्रियों, स्कूली बच्चों और व्यापारिक वाहनों को भारी ट्रैफिक और जाम का सामना करना पड़ रहा था।

फिलहाल धीमी गति से गुजर रहे हैं हल्के वाहन

यातायात को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने उत्तम नगर से द्वारका मोड़ की ओर जाने वाले लगभग 100 मीटर के हिस्से को दो लेन में बदल दिया था। वर्तमान में यहां से कार, आटो और बाइक जैसे हल्के वाहन धीमी गति से निकल रहे हैं। सड़क का निर्माण कार्य पूरा होते ही इस मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा, जिससे नवादा, उत्तम नगर, नजफगढ़ और द्वारका के निवासियों को जाम से स्थायी निजात मिलेगी।

जल्द रास्ता खुले तो बेहतर

पिछले डेढ़ महीने से नवादा मेट्रो स्टेशन के पास रोज घंटों जाम में फंसना पड़ता था। गाड़ियों का ईंधन भी बर्बाद होता था और समय पर पहुंचना मुश्किल था। अब जमीन को भर दिया गया है और काम लगभग पूरा दिख रहा है। अगर अगले कुछ दिनों में सड़क बनाकर रास्ता पूरी तरह खोल दिया जाए, तो हम यात्रियो के लिए यह बहुत बड़ी राहत होगी। - नीरज, यात्री

रोज की परेशानी खत्म होने की उम्मीद जगी

नजफगढ़ से उत्तम नगर के बीच बस से सफर करना बेहद थकाऊ हो गया था। 100 मीटर के इस पैच को पार करने में ही आधा घंटा लग जाता था। लेकिन अब मिट्टी भराई का काम देखकर लग रहा है कि जल्द ही बसें अपने पुराने और सामान्य रूट पर रफ्तार से चल सकेंगी। - पवन, यात्री

यह भी पढ़ें- अगले साल खत्म हो जाएगा दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल, अब गठित हुई एससी समिति