दिल्ली में कब लगेगी लोक अदालत? फटाफट नोट करें तारीख; इन मामलों का करा सकेंगे निपटारा
राजधानी दिल्ली में 12 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तारीख बदलकर अब 9 जनवरी 2027 कर दी गई है।

दिल्ली में लोक अदालत का आयोजन होगा। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
राष्ट्रीय लोक अदालत अब 9 जनवरी 2027 को होगी आयोजित।
दिल्ली हाई कोर्ट ने 12 दिसंबर को कार्य दिवस घोषित किया।
ट्रैफिक चालान सहित दीवानी, आपराधिक मामले निपटेंगे आपसी सहमति से।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तारीख बदल दी गई है। अब इसका आयोजन 9 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएसएलएसए) ने अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है। यह लोक अदालत दिल्ली हाई कोर्ट के अधीन आने वाली सभी जिला अदालतों में आयोजित होगी।
9 जनवरी को लगेगी लोक अदालत
दरअसल, दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने 12 दिसंबर 2026 (दूसरे शनिवार) को अधीनस्थ अदालतों के लिए कार्य दिवस घोषित किया है। इसी कारण पहले से निर्धारित राष्ट्रीय लोक अदालत को स्थगित कर 9 जनवरी की तारीख तय की गई है।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन तीस हजारी, कड़कड़डूमा, पटियाला हाउस, रोहिणी, साकेत, द्वारका और राउज एवेन्यू जिला अदालत परिसरों में होगा।
इन मामलों का करा सकेंगे निपटारा
इसके अलावा दिल्ली हाई कोर्ट, ऋण वसूली अधिकरण (डीआरटी), स्थायी लोक अदालत, दिल्ली राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग और जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोगों में भी मामले निपटाए जाएंगे।
वहीं, इसमें तलाक के मामलों को छोड़कर सभी प्रकार के दीवानी और समझौता योग्य आपराधिक मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जा सकेगा। जिन पक्षकारों के मामले अदालतों या संबंधित फोरम में लंबित हैं, वे जल्द से जल्द संबंधित अदालत में आवेदन देकर अपने मामलों को लोक अदालत में सूचीबद्ध करा सकते हैं।
7 दिन पहले किया जा सकेगा आवेदन
वहीं, मुकदमा दायर होने से पहले के विवादों के लिए लोक अदालत की तारीख से 7 दिन पहले तक डीएसएलएसए कार्यालय में आवेदन किया जा सकेगा। 4 जनवरी से डाउनलोड कर सकेंगे चालान की पर्ची -दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वर्चुअल कोर्ट पोर्टल पर लंबित समझौता योग्य ट्रैफिक चालान भी राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाए जाएंगे।
30 सितंबर 2026 तक के लंबित चालान इसमें शामिल होंगे। वाहन चालक चार जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से https://traffic.delhipolice.gov.in/lokadalat पर जाकर चालान की पर्ची डाउनलोड कर सकेंगे। यह सुविधा निर्धारित चालानों की कुल सीमा पूरी होने तक उपलब्ध रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।