दिल्ली के नासिरपुर में कार्डबोर्ड फैक्ट्री में लगी आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार; दमकल टीम ने पाया काबू
पश्चिमी दिल्ली के नासिरपुर गांव में एक कार्डबोर्ड फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग की नौ गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
-1780202916837_v-1795332987771_m.webp)
दिल्ली में एक फैक्ट्री में आग लग गई। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
पश्चिमी दिल्ली के नासिरपुर गांव में कार्डबोर्ड फैक्ट्री में लगी आग।
दमकल विभाग की नौ गाड़ियों ने मिलकर आग पर पाया काबू।
घटना में कोई हताहत नहीं, नुकसान का आकलन जारी।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली में द्वारका जिले के नासिरपुर गांव में रविवार सुबह कार्डबोर्ड बनाने वाली फैक्ट्री और उसके गोदाम में आग लग गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए धीरे-धीरे दमकल की गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 9 कर दी गई। करीब 11:50 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर 12:35 बजे दमकल विभाग ने आग बुझाने का काम पूरा होने की सूचना दी। हालांकि, इसके बाद भी मौके पर कूलिंग का काम जारी रहा।
9:55 बजे सूचना मिली
दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह 9:55 बजे मिली थी। घटनास्थल नासिरपुर गांव स्थित खसरा नंबर 440 में है। शुरुआत में दमकल की चार वाटर बाउजर (डब्ल्यूबी), एक वाटर टेंडर (डब्ल्यूटी) और एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) को भेजा गया।
वहीं, बाद में मौके की स्थिति को देखते हुए एक और डब्ल्यूबी भेजी गई। इसके बाद दो वाटर टेंडर भी मंगाए गए। इस तरह कुल 9 दमकल इकाइयों ने आग बुझाने के अभियान में हिस्सा लिया।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद की ड्राई फ्रूट्स पैकिंग फैक्ट्री में लगी आग, दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा