दिल्ली: डीडीए के खुले नाले में गिरने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बाहरी दिल्ली के नरेला में डीडीए के एक खुले गंदे नाले में गिरने से 36 वर्षीय सूरज कुमार की दर्दनाक ...और पढ़ें
-1782483239580_m.webp)
डीडीए के एक खुले गंदे नाले में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत।
HighLights
नरेला में डीडीए के खुले नाले में गिरकर युवक की मौत।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई।
पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नरेला इलाके में डीडीए के एक खुले गंदे नाले में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 36 साल के सूरज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है शुक्रवार सुबह में सैर करने वाले लोगों ने नाले में बेसुध व्यक्ति देख पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने बेसुध व्यक्ति को नाले से निकाला और उसे पास के अस्पताल लेकर गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि युवक नाले तक कैसे पहुंचा और वहां गिरा या गिराया गया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम से मौत के कारणों का पता चलेगा, उसके बाद ही इस बाबत मामला दर्ज किया जाएगा।
नाला गंदगी से अटा-पटा था और युवक को बाहर निकाला गया
पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि सुबह 6.30 बजे नरेला थाना पुलिस को सेक्टर पांच नरेला के पास नाले में एक युवक के पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सड़क किनारे बने चार से पांच फीट गहरे नाले में एक युवक गिरा हुआ है। नाला गंदगी से अटा-पटा था और बाद में युवक को बाहर निकाला गया। वह अचेत अवस्था में था।
पुलिस उसे पास के अस्पताल में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके भाई धीरू से हुई पूछताछ में पता चला कि मृतक अविवाहित था और ढोल बजाने का काम करता था। वह नशे का आदी भी था। वह बराबर दो तीन दिन तक घर से बाहर रहता था।
बृहस्पतिवार रात में घर से बाहर गया था और वापस नहीं लौटा। बाहर रहने की वजह से उनलोगों ने रात में उसकी तलाश नहीं की। लेकिन सुबह में उन्हें घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने बताया जिस नाले में गिरने से युवक की मौत हुई है, वह सड़क से दूर है।
नाले को दुकान वालों ने ढक रखा था
सड़क के बगल में फुटपाथ है और नाला से सटी दुकानें हैं। इस नाले को दुकान वालों ने ढक रखा है, हालांकि कई अन्य जगहों पर वह खुला हुआ है। जिस जगह पर युवक नाले में गिरा वहां शहजाद सैलून है। शहजाद ने बताया कि वह रात दस बजे अपनी दुकान बंद कर वहां से गया था। उस समय ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। उसने आशंका जताई कि घटना देर रात की है।
आशंका यह भी जताई जा रही है कि युवक नशे में होने की वजह से वहां पहुंचा होगा, या किसी ने उसकी हत्या कर उसे नाले में फेंक दिया होगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है और अब पुलिस टीम मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
