विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नरेला में चोरी के शक में युवक को बेरहमी से पीटा, एक महीने तक चले इलाज के बाद मौत; ट्रक मालिक गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:01 PM (IST)

नरेला में कचरे से मेवे के पैकेट उठाने पर 27 वर्षीय अंकित को चोरी के शक में ट्रक मालिक और उसके साथियों ने बेरहमी से पीटा। एक महीने के इलाज के बाद अंकित की मौत हो गई।

नरेला की गौतम काॅलोनी में  युवक की मौत के बाद विलाप करती महिला। सौ: इंटरनेट मीडिया

नरेला की गौतम काॅलोनी में युवक की मौत के बाद विलाप करती महिला। सौ: इंटरनेट मीडिया

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। कचरे में मिले मेवे के पैकेट को घर ले जाना 27 वर्षीय अंकित के लिए जानलेवा साबित हुआ।

सीसीटीवी में पैकेट ले जाते देख ट्रक मालिक अनिल ढाका ने अंकित पर चोरी का संदेह जताया और दो और तीन अक्टूबर की मध्य रात्रि चालक अरविंद, टायसन और योगेंद्र के साथ मिलकर उसे घर से नरेला के बी-टू स्थित ट्रांसपोर्ट कार्यालय ले गए। कार्यालय में उसकी जमकर पिटाई कर दी।

स्वजन ने उसे गंभीर हालत में एसआरएचसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक महीने बाद गत सोमवार रात उपचार के दौरान अंकित ने दम तोड़ दिया।

नरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनिल ढाका को गिरफ्तार कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

कचरे में मिले मेवे के पैकेट ले जाने पर जताया चोरी का शक

बाहरी दिल्ली के नरेला स्थित गौतम कॉलोनी के अंकित की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्वजन ने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आरोप है कि अंकित तंदूर पर काम करता था। काम न मिलने पर वह कचरा बीनकर परिवार का गुजारा करता था। बताया कि करीब एक महीने पहले युवक को कचरे में काजू-किशमिश के पैकेट मिले थे।

वह उनको उठाकर घर ले आया था। इसी दौरान इलाके में एक ट्रक से मेवे के पैकेट चोरी होने की बात सामने आई। आरोप है कि ट्रक मालिक की नजर सीसीटीवी के माध्यम से जब अंकित पर पड़ी तो उसने उस पर चोरी करने का शक जताया।

पूछने पर अंकित ने बताया कि वह पैकेट कचरे से उठाकर लाया है न कि चोरी करके। इसके बाद भी अंकित के साथ मारपीट की गई और उसे इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

नरेला के एसआरएचसी अस्पताल में करीब एक महीने उपचार चला। स्वजन को उम्मीद थी कि अंकित स्वस्थ होकर घर लौट आएगा, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

स्वजन ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

आरोप है कि यदि ट्रक मालिक को अंकित पर चोरी का संदेह था तो वह पुलिस में शिकायत कर सकता था। कानून हाथ में लेकर मारपीट करना उचित नहीं था।

नरेला थाने में शिकायत देकर स्वजन ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल में कराया है।

अंकित के चार बच्चे और मेरी बहन अब क्या करेंगे। बहन भी कबाड़ बीनने का काम करती है। अंकित को पीटना ही गलत था। उपचार के दौरान ट्रक मालिक ने कहा कि जब मर जाएगा तब देखेंगे। घर से उठाकर ले जाना और इतनी बेरहमी से मारना गलत था। पहले कहा कि उपचार के लिए पैसे देंगे, फिर वह भी नहीं दिए। पुलिस कह रही है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने दो कार्रवाई करेंगे।

- अकील, मृतक का साला

यह भी पढ़ें- दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-23 में रॉड-चाकू से हंगामा कर रहा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।