नारायणा-इंद्रपुरी पुल योजना को मिलेगी रफ्तार, सांसद विधायक ने किया निर्माण स्थल का दौरा
सांसद बांसुरी स्वराज और विधायक उमंग बजाज ने नारायणा-इंद्रपुरी पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया, जिससे परियोजना को गति मिलेगी।

नारायणा-इंद्रपुरी पुल निर्माण में तेजी, सांसद-विधायक ने किया दौरा।
HighLights
सांसद बांसुरी स्वराज और विधायक उमंग बजाज ने किया निरीक्षण।
रेलवे और एमसीडी अधिकारियों को दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश।
पुल से मिलेगी सुरक्षित और सीधी कनेक्टिविटी की सुविधा।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। नारायणा और इंद्रपुरी क्षेत्र के निवासियों के लिए लंबे समय से लंबित नारायणा-इंद्रपुरी पुल के निर्माण कार्य को गति देने के लिए सांसद बांसुरी स्वराज व राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमंग बजाज ने उत्तर रेलवे तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों के साथ प्रस्तावित ढांचागत सुधारों, तकनीकी पहलुओं और निर्माण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। रेलवे और एमसीडी अधिकारियों को भूमि हस्तांतरण और तकनीकी डिजाइन से जुड़ी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी ने निर्माण कार्य को तेजी से शुरू आने की अपेक्षा जताई।
औद्योगिक कॉलोनियों के बीच के आवागमन की रीढ़
बता दें कि रेलवे लाइन के उपर बन रहा यह पुल क्षेत्र की कई घनी आबादी वाली रिहायशी और औद्योगिक कॉलोनियों के बीच के आवागमन की रीढ़ साबित होगा। इंद्रपुरी कालोनी व इंद्रपुरी पुनर्वासित कालोनी के निवासियों को नारायणा विहार और रिंग रोड की तरफ आने-जाने के लिए संकरी गलियों या रेलवे ट्रैक के खतरनाक रास्तों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।
इसी तरह नारायणा गांव और नारायणा विहार के हजारों लोगों के लिए इंद्रपुरी और आसपास के क्षेत्रों तक सीधी और सुरक्षित पहुंच स्थापित होगी। अभी कई बार लोगों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है या कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
