NCR के यात्रियों की पहली पसंद बनी नमो भारत, हर दिन 1 लाख से ज्यादा लोग कर रहे सफर; अब 10 मिनट में मिलेगी ट्रेन
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर दौड़ने वाली 'नमो भारत' ट्रेन ने तीन करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर दौड़ने वाली 'नमो भारत' ट्रेन ने तीन करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर पर दौड़ने वाली ''नमो भारत'' ट्रेन ने क्षेत्रीय परिवहन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पूरे कारिडोर के चालू होने के कुछ ही माह के भीतर नमो भारत ने तीन करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अनुसार, वर्तमान में हर दिन लगभग 90,000 से 1.14 लाख यात्री इस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। दो से तीन करोड़ का सफर तय करने में ट्रेन को पांच महीने से भी कम का समय लगा। यात्रियों की मांग को देखते हुए ट्रेनों के बीच का अंतराल भी 15 मिनट से घटाकर 10 मिनट कर दिया गया है।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि नमो भारत की शुरुआत अक्टूबर 2023 में महज 17 किमी के खंड से हुई थी। समय के साथ इसके विस्तार से यात्रियों की संख्या भी बढ़ती गई। मई 2025 में एक करोड़ यात्रियों का आंकड़ा छुआ। दिसंबर 2025 में दो करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया। मार्च 2026 में मेरठ मेट्रो के साथ पूरे कारिडोर के जुड़ने के बाद मासिक राइडरशिप 27 लाख तक पहुंच गई। वहीं दो दिन पहले यह आंकड़ा तीन करोड़ पार कर गया।
अधिकारियों ने बताया कि आनंद विहार जैसे प्रमुख स्टेशनों को 'मल्टी-मॉडल हब' के रूप में विकसित करने से दिल्ली और एनसीआर के यात्रियों के लिए नमो भारत तक पहुंच आसान हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा, गति और आराम के कारण यह ट्रेन एनसीआर के यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी है।
