विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में प्रदूषण फैलाने वालों पर CAQM का शिकंजा, 31 डीजल जनरेटर सील; 6 इकाइयों को बंद करने का निर्देश

Published: Tue, 05 May 2026 08:11 PM (IST)

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की टास्क फोर्स ने दिल्ली-एनसीआर में 174 निरीक्षणों के दौरान 61 प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पाए, जिनमें 41 मामले डीजल जनरेटर से संबंधित थे।

CAQM की टास्क फोर्स ने दिल्ली-एनसीआर में 174 निरीक्षणों के दौरान 61 प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पाए। फाइल फोटो

CAQM की टास्क फोर्स ने दिल्ली-एनसीआर में 174 निरीक्षणों के दौरान 61 प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पाए। फाइल फोटो

HighLights

  1. CAQM ने दिल्ली-एनसीआर में 174 निरीक्षण किए।

  2. 61 मामलों में प्रदूषण नियमों का उल्लंघन पाया गया।

  3. 6 इकाइयां बंद, 31 डीजी सेट सील किए गए।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की टास्क फोर्स ने 11 से 28 अप्रैल के दौरान दिल्ली और एनसीआर में 174 निरीक्षण किए। इनमें औद्योगिक इकाइयों, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) साइटों और डीजल जनरेटर (डीजी) सेटों की जांच की गई। जांच के दौरान 61 मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिसमें सबसे अधिक 41 मामले डीजल जनरेटर सेटों से संबंधित थे।

टास्क फोर्स (ईटीएफ) की 130वीं बैठक सोमवार को हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर की गई सख्त कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में सामने आया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई करते हुए टास्क फोर्स ने छह इकाइयों को बंद करने, 31 डीजल जनरेटरों को सील करने और 11 मामलों में पर्यावरण मुआवजा (ईसी) लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा, एक गंभीर मामले में सीएक्यूएम अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा चलाने की सिफारिश भी की गई है।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक टास्क फोर्स द्वारा 27,008 इकाइयों का निरीक्षण किया जा चुका है। इसमें से 1,779 इकाइयों को बंद करने के निर्देश दिए गए थे, जिनमें से 1,365 इकाइयों को अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई है। टास्क फोर्स ने औद्योगिक उत्सर्जन, धूल प्रबंधन और विशेष रूप से डीजल जनरेटरों के संचालन पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: विवेक विहार अग्निकांड: CM रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, अग्नि सुरक्षा की सख्ती के दिए निर्देश