विवेक विहार अग्निकांड: CM रेखा गुप्ता ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, अग्नि सुरक्षा की सख्ती के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विवेक विहार अग्निकांड के पीड़ितों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और घायलों के इलाज के निर्देश दिए।
-1777988421029_m.webp)
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विवेक विहार अग्निकांड के पीड़ितों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। जागरण
HighLights
सीएम ने विवेक विहार अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात की।
अग्नि सुरक्षा मानकों के सख्त पालन के निर्देश दिए।
पुलिस ने MCD अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी की।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। विवेक विहार में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के स्वजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही अग्नि सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है, जिसे एक गंभीर चेतावनी के रूप में लिया जाना चाहिए।भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही, राजधानी की इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच करने और जहां भी खामियां मिलें, उन्हें तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए।उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा के नियमों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पीड़ित परिवारों ने अपने जरूरी दस्तावेजों के आग में जलने की जानकारी दी। इसपर सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द सभी औपचारिकताएं पूरी करवाकर नए दस्तावेज बनवाए जाएं।
इस दौरान विधायक संजय गोयल, पार्षद पंकज लूथरा समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सीएम के जाने के बाद भी पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने घटना पर शोक जताया।
पुलिस ने एमसीडी को पत्र लिखकर मांगी जानकारी
मंगलवार को भी पुलिस, फोरेंसिक साइंस लैब, दमकल विभाग और बीएसईएस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। टीम ने तमाम तथ्य जुटाए और आग लगने के कारणों की जांच की। पुलिस ने लापरवाही से मौत के मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज की थी। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस ने नगर निगम के उपायुक्त को पत्र लिखकर जानकारी मांगी है कि इमारत का नक्शा किसने पास किया। पुलिस मामले में नगर निगम के जेई और एई समेत अन्य अधिकारियों को भी आरोपित बना सकती है। नक्शे के विपरीत हुए निर्माण के लिए नगर निगम के अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार माने जा रहे हैं।
ऐसे में उनपर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है। इसके साथ ही बिल्डर की भी जानकारी मांगी गई है। जिसने मानकों का उल्लंघन करते हुए इमारत बनाई है।
यह भी पढ़ें: विवेक विहार अग्निकांड: सुरक्षा उपाय कैसे बन रहे जानलेवा खतरे? धुएं और बेबसी ने लील लीं 9 जिंदगियां
