विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुस्कान शर्मा हत्याकांड: पुलिस ने कोर्ट में पेश की 350 पन्नों की चार्जशीट, 40 गवाह बनाएंगे केस मजबूत

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:07 PM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय मुस्कान शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने तीस हजारी कोर्ट में 350 से ...और पढ़ें

मुस्कान हत्याकांड में पुलिस ने दाखिल की 350 पन्नों की चार्जशीट।

मुस्कान हत्याकांड में पुलिस ने दाखिल की 350 पन्नों की चार्जशीट।

HighLights

  1. पुलिस ने मुस्कान हत्याकांड में 350 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की।

  2. चार्जशीट में इलेक्ट्रॉनिक, जैविक साक्ष्य और 40 लोगों के बयान शामिल।

  3. पुलिस ने इसे तात्कालिक गुस्सा नहीं, सुनियोजित साजिश बताया है।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। तिलक नगर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय डीयू की छात्रा व माडल मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने तीस हजारी कोर्ट में 350 से अधिक पन्नों का आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया है। तीस हजारी कोर्ट में दाखिल 350 से अधिक पन्नों की चार्जशीट में पुलिस ने इलेक्ट्रानिक और जैविक (बायोलाजिकल) साक्ष्य शामिल किए हैं।

वहीं, फोरेंसिक जांच के तहत घटनास्थल से मिले खून के नमूने, जैविक अवशेष और हथियार पर मिले डीएनए व फिंगरप्रिंट्स को भी वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है। पुलिस ने मामले में मुस्कान के परिवार, चिकित्सकों, दोस्तों और जिम स्टाफ समेत 40 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

चार्जशीट में न केवल घटनाक्रम का सिलसिलेवार ब्योरा दिया गया है, बल्कि यह भी साफ किया गया है कि यह कोई तात्कालिक गुस्से का नतीजा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी। मुख्य आरोपित इमरान खान पीड़िता पर जबरन रिश्ते में बने रहने का दबाव बना रहा था और इनकार किए जाने पर उसने मुस्कान का पीछा करना, धमकियां देना और फिर चाकू से हत्या की साजिश बनानी शुरू कर दी।

इस पूरी साजिश में इमरान के दोस्त दिग्विजय ने भी अहम भूमिका निभाई, जिसने हत्या वाले दिन पीड़िता का घर तलाशने में मदद की, वारदात के वक्त बाहर इंतजार करता रहा और बाद में आरोपित को भगाने व पनाह देने में सहारा दिया।

जांच में आरोपित की आपराधिक पृष्ठभूमि और अपराध के बाद साक्ष्य मिटाने की चालाकी भी खुलकर सामने आई है। हत्या के तुरंत बाद इमरान ने पीड़िता के फोन से चैट और डेटा डिलीट कर दिए थे, हालांकि पुलिस ने धमकियों से जुड़े साक्ष्य और जुलाई से अगस्त के बीच होटल, रेस्तरां व पीड़िता के घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज सफलतापूर्वक जुटा लिए हैं।

चार्जशीट में आरोपित इमरान के पुराने आपराधिक रिकार्ड का भी जिक्र है। उस पर 2021 में गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज था और वह इसी वर्ष दो बार नशामुक्ति केंद्र भी जा चुका है।

क्या थी घटना

26 अगस्त को तिलक नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड महावीर नगर इलाके में एकतरफा प्यार और शादी के दबाव के चलते मुस्कान की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। वारदात का आरोप उसके परिचित, जिम ट्रेनर इमरान पर लगा है। बाद में राजौरी गार्डन क्षेत्र से आरोपित इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार ने तीन अधिकारियों पर केस चलाने की दी मंजूरी, 650 करोड़ के मेडिकल स्कैम का है मामला