दिल्ली-मुंबई रूट के हवाई यात्रियों को राहत, विंटर शेड्यूल में नहीं रद होंगी फ्लाइट्स; नियंत्रित रहेगा किराया
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के कारण इस साल सर्दियों में दिल्ली-मुंबई मार्ग पर उड़ानें रद नहीं होंगी।
-1791903519337_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
मुंबई एयरपोर्ट T1 पुनर्विकास से नहीं प्रभावित होंगी उड़ानें।
दिल्ली-मुंबई हवाई मार्ग पर सर्दियों में उड़ानें रद नहीं होंगी।
त्योहारों में हवाई किराए में स्थिरता बनी रहेगी।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। दिल्ली से मुंबई की यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों और एयरलाइंस कंपनियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (मुंबई) के पुराने टर्मिनल-1 (टी1) के पुनर्विकास कार्य के बावजूद आगामी विंटर शेड्यूल के दौरान उड़ानों के समय और स्लाट में कोई बदलाव या कटौती नहीं की जाएगी।
त्योहारों में भी रद नहीं होंगे फ्लाइट
इससे देश के सबसे व्यस्त दिल्ली-मुंबई हवाई मार्ग पर त्योहारों व सर्दियों के मौसम में उड़ानों के रद होने और हवाई किराए में अचानक उछाल आने की आशंकाएं पूरी तरह से टल गई हैं।
यह आश्वासन मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के जीत अडानी और अडानी एयरपोर्ट्स के सीईओ अरुण बंसल ने एयरलाइंस आपरेटिंग कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में दिया।
पुनर्विकास की योजना के लिए बनेगा कार्य समूह
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि टर्मिनल 1 के पुनर्विकास की योजना को बिना किसी बाधा के लागू करने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बनाया जाएगा, जो अगले दो हफ्तों में अपनी रिपोर्ट पेश करेगा। साथ ही, एयरलाइंस कंपनियों के सहयोग से उड़ानों के ट्रैफिक का पुनर्संतुलन अगले साल के समर शेड्यूल से लागू किया जाएगा।
जो एयरलाइंस अपनी उड़ानों को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शिफ्ट करना चाहेंगी, उन्हें पूर्ण सहयोग दिया जाएगा। चूंकि दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानें मुंबई के लिए ही संचालित होती हैं, इसलिए एयरपोर्ट प्रबंधन के इस फैसले से यात्रियों को न केवल सुचारू सेवाएं मिलेंगी, बल्कि टिकटों के दामों में भी स्थिरता बनी रहेगी।
