विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुनिया में बढ़ते संघर्षों पर मोहन भागवत ने कही बड़ी बात, बोले- केवल ताकत या समृद्धि से नहीं मिलेगी शांति

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:34 PM (IST)

मोहन भागवत ने 'मैं और मेरा' के भाव को वैश्विक समस्याओं का मूल कारण बताया, करुणा को समाधान बताया। उन्होंने कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक 'करुणानायक राम' के विमोचन पर श्रीराम के करुणावान चरित्र पर जोर दिया।

दिल्ली में पुस्तक विमोचन के दौरान संबोधित करते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरसंघचालक डाॅ. मोहन भागवत। फोटो: चंद्र प्रकाश मिश्र

दिल्ली में पुस्तक विमोचन के दौरान संबोधित करते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सरसंघचालक डाॅ. मोहन भागवत। फोटो: चंद्र प्रकाश मिश्र

HighLights

  1. मोहन भागवत ने 'मैं और मेरा' भाव पर चिंता व्यक्त की।

  2. करुणा को वैश्विक समस्याओं का एकमात्र समाधान बताया।

  3. भगवान राम का चरित्र करुणा और लोकहित का प्रतीक।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने वर्तमान समय में बढ़ती स्वार्थपरता, अहंकार और वैश्विक संघर्षों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि आज दुनिया भर की समस्याओं और युद्धों का मूल कारण 'मैं और मेरा' का भाव तथा करुणा का अभाव है।

आज के अशांत और विघटित होते परिवेश में इस संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर भारतीय संस्कृति के शाश्वत मूल्य करुणा को जीवन में उतारना समय की सबसे बड़ी और अनिवार्य मांग है।

'मैं और मेरा' का भाव है समस्याओं की जड़

उन्होंने जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की पुस्तक करुणानायक राम के विमोचन अवसर पर संबोधित करते हुए कहा।

संघ प्रमुख ने कहा कि नियति की योजना के तहत इस प्रकार के वैचारिक ग्रंथ का प्रकाशन इस दौर में होना अत्यंत सामयिक और सार्थक है।

आज जब भू-राजनीतिक तनाव, युद्ध, आपसी प्रतिद्वंद्विता और भौतिकवादी अंधी दौड़ चरम पर है, तब वास्तविक समाधान केवल भौतिक साधनों या संधियों में नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के पुनरुद्धार में निहित है।

डॉ. भागवत ने रावण और भगवान श्रीराम के चरित्रों का तुलनात्मक उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि रावण अपने अड़ियल अहंकार और 'मैं-मेरा' के भ्रम में डूबा रहा, जबकि भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन और स्वभाव असीम करुणा, मर्यादा और लोकहित को समर्पित था।

आर्थिक समृद्धि से ही संभव नहीं दीर्घकालिक शांति

उन्होंने आगे कहा कि आज वैश्वीकरण के इस दौर में चकाचौंध और भौतिक प्रगति के बावजूद समाज में असंतोष, वैमनस्य और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

इसका प्रमुख कारण यह है कि मनुष्य अपनी नैसर्गिक सहृदयता और आत्मीयता को भूलता जा रहा है। डॉ. भागवत ने रेखांकित किया कि केवल आर्थिक समृद्धि या सैन्य ताकत से दीर्घकालिक शांति संभव नहीं है।

जब तक पर्यावरण, प्रकृति और पूरी मानव जाति को साथ लेकर चलने की समावेशी दृष्टि विकसित नहीं होती।

संघ प्रमुख ने अंत में स्पष्ट किया कि धर्म का शाश्वत रूप और जीवन का अंतिम सत्य 'करुणा' ही है।

जब तक मनुष्य अपने अहम का त्याग कर समाज और प्रकृति के साथ एकात्मता स्थापित नहीं करेगा, तब तक वास्तविक सुख और शांति की कल्पना नहीं की जा सकती। यह समय की मांग है कि हम अपनी प्राचीन सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौटें,

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र भारतीय संस्कृति, सनातन चिंतन और जनजीवन की अंतरधारा का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने जोर दिया कि शक्ति तभी सार्थक होती है जब उसके पीछे करुणा और संवेदना का भाव हो। राम का चरित्र कर्तव्य और संवेदना का अद्भुत संगम है, जो संपूर्ण मानवता को चिरंतन प्रेरणा प्रदान करता है।

वहीं, लेखक कैलाश सत्यार्थी ने पुस्तक की चर्चा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने पिता के साथ तुलसीदास की रामचरितमानस पढ़ अपने जीवन में भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात किया।

उन्होंने वैश्विक स्तर पर करुणा के भूमंडलीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह प्रेरणा भारतीय भूमि और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से ही मिल सकती है।

इस दौरान कार्यक्रम में आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी और भूटान की राजकुमारी सोनम देचन वांगचुक सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के 'शीशमहल' से पंजाब सरकार तक, रेखा गुप्ता AAP पर बोलीं- जनता प्रचार और हकीकत में फर्क समझे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।