'जब तक संपूर्ण समाज संघमय नहीं हो जाता, तब तक विश्राम नहीं', रोहिणी में स्वयंसेवकों से बोले मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि जब तक संपूर्ण समाज संघमय नहीं हो जाता, तब तक विश्राम नहीं है।
-1795947781533_m.webp)
रोहिणी में आयोजित राष्ट्र वंदनम कार्यक्रम। फोटो-जागरण
HighLights
संपूर्ण समाज को संघमय बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
भारत को विश्व का सिरमौर बनाने का आह्वान किया।
व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में जुटें।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने संघ के करोड़ों स्वयंसेवकों को भावी लक्ष्य थमाते हुए कहा कि जब तक संपूर्ण समाज संघमय नहीं हो जाता तब तक विश्राम नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जैसे 100 वर्ष स्वयंसेवक स्वयं तपते आए हैं आगे 100 वर्ष वैसे ही उन्हें तपना होगा।
लगे हाथ स्वयंसेवकों को चेताते हुए कहा कि, 100 वर्ष की यात्रा में संघ के लिए सज में अनुकूलता आई है, लेकिन उसके लाभ लेने के लिए हम नहीं, शिव की तरह हलाहल लेना, लक्ष्मी नहीं।
भारत को विश्व का सिरमौर बनाने का मौका
संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रोहिणी में आयोजित भव्य 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत को विश्व का सिरमौर बनाने की ऐतिहासिक घड़ी आ गई है।
इस महान लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के हर नागरिक और समाज की सज्जन शक्ति को अपने व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में प्राण-पण से जुटना होगा।
कार्यक्रम में पहुंचे लाखों स्वयंसेवक
रोहिणी के इस विशाल आयोजन में करीब एक लाख स्वयंसेवकों समेत दो लाख से अधिक लोगों की ऐतिहासिक उपस्थिति रहीं।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के कई मंत्री और विशिष्टजन उपस्थित रहे।
उत्सव नहीं, संवाद और संपर्क का माध्यम है राष्ट्र वंदनम
सरसंघचालक मोहन भागवत ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि हमने अपनी तपस्या और राष्ट्रकार्य को कभी भी आत्म-प्रचार या 'सेलिब्रेशन' का विषय नहीं बनाया। इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज के साथ संवाद बढ़ाना, संपर्क को मजबूत करना और अपने विचारों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर प्रत्यक्ष कार्य का विस्तार करना है।
उन्होंने कहा कि देश में आज सर्वत्र अभूतपूर्व उत्साह का वातावरण है। विशेषकर देश की युवा पीढ़ी में भारत को विश्व पटल पर पुनः सिरमौर बनाने की जबरदस्त उमंग और ललक दिखाई दे रही है। आज का युवा पराक्रम और पुरुषार्थ करना चाहता है, बस उसे सही मार्गदर्शन और स्पष्ट लक्ष्य की आवश्यकता है।
देश सर्वोपरि, बाकी सब उसके बाद
संघ प्रमुख ने जोर देकर कहा कि हमारे लिए देश सबसे पहले है। 'मैं', मेरा परिवार, मेरी जाति, मेरा प्रांत, मेरी भाषा, मेरा मत, पंथ, संप्रदाय या पार्टी—ये सब बाद में आते हैं, सर्वोपरि केवल और केवल हमारा भारत राष्ट्र है। देश की दिव्यता और उसके अंतःकरण को पहचानते हुए हमें अपने समाज जीवन और राष्ट्र जीवन को वेद-सम्मत संस्कारों के साथ आगे बढ़ाना होगा।
महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद के विचारों का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि हिंदुत्व सत्य की सतत खोज का नाम है। इस राष्ट्र को पुनः वैभव के शिखर पर पहुँचाने के लिए हमें अपनी बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक ऊर्जा को संगठित करना होगा।
विविधता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत
भारत की विविधता पर प्रकाश डालते हुए मोहन भागवत ने कहा कि हमारा देश विविधताओं से भरा हुआ है, लेकिन इसके बावजूद हम सब एक ही माता की संतान हैं। जब भी देश पर कोई बाहरी संकट या आक्रमण होता है, तो सीमा पर तैनात सैनिक से लेकर सड़कों पर जीवनयापन करने वाला आम नागरिक तक, सभी आपसी मतभेद भुलाकर एक सुर में राष्ट्र की रक्षा के लिए खड़े हो जाते हैं। यही हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक एकता की वह मूल शक्ति है, जो दुनिया के अन्य देशों में देखने को नहीं मिलती।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कुछ विदेशी ताकतें और वैचारिक रूप से विरोधी लोग हमारे समाज में फूट डालने के प्रयास लगातार करते रहे हैं, लेकिन जन-जन के हृदय में रची-बसी भारत माता की भक्ति इन सभी कुत्सित प्रयासों को विफल कर देती है।
विश्व को राह दिखाने की क्षमता भारत के पास
सरसंघचालक ने कहा कि दुनिया के तमाम देश आज आधुनिक समय में भारत की ओर बड़ी उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। वैश्वीकरण और भौतिकवादी चकाचौंध के इस दौर में दुनिया को वास्तविक शांति, करुणा और सनातन जीवनमूल्य केवल भारत ही दे सकता है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम के देशों ने हमें प्रजातंत्र सिखाने का दावा किया था, लेकिन आज भारत ने जिस प्रकार की परिपक्व लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक समरसता का परिचय दिया है, वह पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल बन चुका है।
कार्यक्रम के अंत में संघ प्रमुख ने सभी देशवासियों का आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तिगत हितों को ताक पर रखकर राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज की इसी सज्जन शक्ति और सामूहिक पुरुषार्थ के बल पर भारत बहुत जल्द विश्व गुरु के रूप में पुनः प्रतिष्ठित होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।